रांची। पैट कमिंस ने शनिवार को तीसरे टेस्ट मैच में भारत को करारा झटका देते हुए कप्तान विराट कोहली को पैवेलियन लौटाया। भारत ने तीसरे दिन पहली पारी में समाचार लिखे जाने तक 82 अोवरों में 3 विकेट पर 226 रन बना लिए हैं। चेतेश्वर पुजारा 66 और अजिंक्य रहाणे 1 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर से 225 रन पीछे हैं जबकि उसके 7 विकेट बचे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 451 रन बनाए थे।
भारत ने तीसरे दिन सुबह 1 विकेट पर 120 रन से आगे खेलना शुरू किया। विजय ने स्टीव अोकेफी की गेंद पर 1 रन लेते हुए फिफ्टी पूरी की। यह उनका 50वां टेस्ट मैच है। उन्होंने इस मंजिल तक पहुंचने के लिए 129 गेंदों का सामना कर 6 चौके और 1 छक्का लगाया। विजय जब 58 रनों पर थे तब भाग्यशाली रहे कि अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया और ऑस्ट्रेलिया के पास कोई रिव्यू शेष नहीं बचा था। वास्तव में इस वक्त गेंद विजय के बल्ले को लगकर उछली थी और कैच लपका गया था।
लंच के पहले स्टीव अोकेफी अंतिम अोवर डाल रहे थे और विजय उनकी गेंद को आगे निकलकर मारने के चक्कर में विकेटकीपर मैथ्यू वेड द्वारा स्टंप किए गए। विजय ने 183 गेंदों में 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से 83 रन बनाए। विजय और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 102 रन जोड़े। यह इस सत्र में उनकी छठीं शतकीय भागीदाराी हैं। लंच के बाद कप्तान विराट बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन वे पूरी तरह फिट नजर नहीं आ रहे थे। पुजारा ने स्टीव अोकेफी की गेंद पर चौका लगाते हुए फिफ्टी पूरी की। विराट ज्यादा समय क्रीज पर टिक भी नहीं पाए और मात्र 6 रन बनाने के बाद पैट कमिंस की गेंद पर दूसरी स्लिप में स्टीव स्मिथ को कैच थमा बैठे।