कुआलालंपुर: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू का मलयेशिया ओपन में शानदार अभियान सेमीफाइनल में खत्म हो गया। महिला एकल वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त चीन की वांग झीयी ने सिंधू को हराया। विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ दबाव झेलने में सिंधू सफल नहीं हो सकीं और कई गलतियों के कारण उन्हें 16-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय खिलाड़ी का सफर खत्म
पैर की चोट से उबरकर अपना पहला टूर्नामेंट खेल रहीं पीवी सिंधू ने दूसरे गेम में 11-6 की बढ़त बनाई थी, लेकिन इसके बाद वह अपनी लय को कायम नहीं रख सकीं। उनकी हार के साथ ही इस टूर्नामेंट में भारत की उम्मीदें समाप्त हो गईं। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में जापान की अकाने यामागुची चोट के कारण बाहर हुई थीं, जिससे सिंधू सीधे सेमीफाइनल में पहुंचीं, लेकिन वह फाइनल में जगह बनाने में सफल नहीं हो पाईं।
सिंधू ने मुकाबले की शुरुआत दमदार तरीके से की
सिंधू ने शुरुआत में बेहतर रैंकिंग वाली प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर दी। उन्होंने शक्तिशाली शॉट्स खेलते हुए अपनी लंबी पहुंच का अच्छा उपयोग किया और चिर-परिचित क्रॉस-कोर्ट स्मैश की मदद से तेजी से 5-2 की बढ़त बनाई। हालांकि, वांग झीयी की सधी हुई नेट प्ले ने उन्हें लगातार अंक दिलाए और स्कोर बराबर हो गया। वांग की कुछ गलतियों का फायदा उठाते हुए सिंधू 9-7 से आगे बढ़ीं, लेकिन नेट पर चूक के कारण चीन की खिलाड़ी ने फिर वापसी की और ब्रेक तक मामूली एक अंक की बढ़त हासिल कर ली।
ब्रेक के बाद दोनों खिलाड़ियों को शॉट की लेंथ पर नियंत्रण रखने में परेशानी हुई और स्कोर 13-13 पर स्कोर बराबर रहा। वांग ने इसके बाद आक्रामक खेल दिखाते हुए दबाव बढ़ाया। लगातार तेज हमलों से उन्होंने सिंधू को असहज किया और सटीक शॉट के जरिए शटल को उनकी पहुंच से दूर रखने की रणनीति अपनाई। वांग ने 18-14 से आगे निकल के दौरान चार गेम प्वाइंट हासिल कर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
सिंधू की गलतियों ने बढ़ाई प्रतिद्वंद्वी की बढ़त
दूसरे गेम की शुरुआत में सिंधू कुछ गलतियों के कारण 1-3 से पीछे हो गईं, लेकिन जल्दी ही उन्होंने संभलकर आक्रामक खेल दिखाया और 6-3 की बढ़त हासिल की। वांग ने अंतर घटाने की कोशिश की, लेकिन सिंधू ने कोर्ट के कोणों का प्रभावी उपयोग करते हुए ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बनाए रखी। ब्रेक के बाद वांग ने फिर आक्रामक अंदाज अपनाया और तेज रैलियों में सिंधू को चुनौती दी, लेकिन सिंधू ने भी मजबूती से जवाब देते हुए 13-9 की बढ़त कायम रखी।
इसके बाद सिंधू असहज हो गईं और कई गलतियां करने लगीं। उनके शॉट या तो कोर्ट के बाहर गिर रहे थे या नेट से टकरा रहे थे, जिससे स्कोर 13-13 पर बराबरी हो गया। इसके बाद चीन की खिलाड़ी ने बढ़त बनानी शुरू की और सिंधू दबाव में पीछे चली गईं। इस दबाव में उन्होंने लगातार दो बार बैकलाइन पर चूक की। वांग ने पांच मैच प्वाइंट हासिल किए और सिंधू का शॉट बाहर जाने के साथ ही उन्होंने फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।

