नई दिल्ली : आईपीएल 2026 से पहले संजू सैमसन को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच संभावित डील की खबरें लगातार चर्चा में हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह ट्रेड वास्तव में होगा या नहीं। इस मामले पर कई पूर्व क्रिकेटरों की प्रतिक्रियाएँ भी सामने आई हैं। जहां सीएसके के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना ने फ्रेंचाइजी से आग्रह किया था कि वे रविंद्र जडेजा को रिलीज़ न करें, वहीं अब कृष्णमाचारी श्रीकांत ने भी इस संभावित ट्रेड पर सवाल उठाए हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के विश्व विजेता खिलाड़ी ने संजू सैमसन के आईपीएल 2025 के रिकॉर्ड को खास नहीं बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साथ ही उन्होंने सीएसके से बड़ा सवाल पूछा है कि, जडेजा के अलावा उनके पास उस स्तर का ऑलराउंडर कौन है? उन्होंने एक तरह से इस ट्रेड को लेकर आने वाली खबरों पर जवाब दिया है और वह इस पक्ष में नहीं दिखे कि , चेन्नई सुपर किंग्स संजू सैमसन को लाए और रविंद्र जडेजा की टीम से विदाई हो। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर इससे जुड़ी ढेर सारी बातें कहीं।
जडेजा के बिना टीम में ऑलराउंडर कौन होगा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल Cheeky Cheeka पर बातचीत में कहा, “जडेजा के बिना सीएसके में ऑलराउंडर कौन है? ऑलराउंडर का होना बहुत जरूरी है, खासकर टी20 फॉर्मेट में उनका रोल काफी अहम होता है। मैं यह नहीं कह रहा कि संजू सैमसन खराब खिलाड़ी हैं, लेकिन मुझे यह जानकारी मिली है कि उन्हें एमएस धोनी का उत्तराधिकारी माना जा रहा है। हालांकि, टीम के पास पहले से ही उर्विल पटेल मौजूद हैं, जो कि विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे कहा,”अगर जडेजा को छोड़ा तो सीएसके को दूसरे ऑलराउंडर को तलाशना होगा। कैमरन ग्रीन इसके लिए खास नजर नहीं आते हैं। वह एक अच्छे ऑलराउंडर नहीं हैं। वह एक बल्लेबाज हैं जो कुछ ओवर्स पूरे करने के लिए गेंदबाजी कर सकते हैं। वह एक खतरनाक गेंदबाज नहीं हैं। लेकिन जडेजा आपको अपनी बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग से मैच जिता सकते हैं।”
जडेजा के आउट होने पर फैंस की उत्सुकता बढ़ी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कृष्णमाचारी श्रीकांत ने आगे एक अच्छा मुद्दा उठाते हुए कहा,”पिछले दो साल में जडेजा को बल्ले से खास मौके नहीं मिले है। वह तब आते हैं जब दो गेंद बचती हैं और उसमें भी फैंस इंतजार करते हैं कि वह आउट हो जाएं ताकि धोनी क्रीज पर आएं। यह दुखद है, उनका स्ट्राइक रेट 2025 में खास नहीं था लेकिन यह भी देखना होगा कि वह कब बल्लेबाजी करने आते हैं। वह टॉप ऑर्डर में नहीं आते। वह तब आते हैं जब 10-12 गेंद ही बचती हैं।”
सैमसन का IPL 2025 रिकॉर्ड उम्मीद के मुताबिक नहीं
श्रीकांत ने संजू सैमसन के पिछले सीजन के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए इस संभावित ट्रेड पर सवाल उठाए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “संजू सैमसन का IPL 2025 में रिकॉर्ड ज्यादा खास नहीं रहा। उन्हें कुछ मैचों में अच्छा शुरुआत जरूर मिली, जब उन्होंने टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी की। लेकिन बतौर ओपनर उन्होंने कितनी बार बड़े स्कोर बनाए? सिर्फ एक बार 60 के आसपास रन। इतना तो उर्विल पटेल भी कर सकते हैं और टीम को अच्छी शुरुआत दे सकते हैं। मैं संजू सैमसन को बुरा नहीं बता रहा, लेकिन जब तुलना जडेजा से की जा रही है तो यही फर्क दिखता है। अन्यथा सैमसन एक शानदार खिलाड़ी हैं।”
ट्रेड में उलझन! क्या फंस गया सौदा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा की संभावित ट्रेड अभी आधिकारिक नहीं हुई है। इसमें तीसरे खिलाड़ी सैम करन की मौजूदगी के कारण मामला अटका हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स के स्क्वाड में विदेशी खिलाड़ियों का कोटा भर चुका है। नियम के तहत, सैम करन को राजस्थान तब तक शामिल नहीं किया जा सकता जब तक टीम अपने आठ विदेशी खिलाड़ियों में से किसी एक को रिलीज़ नहीं करती। इसके अलावा, पर्स अमाउंट भी इस ट्रेड में अड़चन बन रहा है। जडेजा और सैमसन सीधे 18-18 करोड़ में स्वैप होंगे, लेकिन करन को CSK ने 2.4 करोड़ में खरीदा था। अगर वह राजस्थान में शामिल होते हैं, तो फ्रेंचाइजी को अतिरिक्त रकम चुकानी पड़ेगी, जबकि अभी उनकी पर्स में कुल 30 लाख रुपए ही उपलब्ध हैं।

