नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में लंबे समय तक उत्कृष्ट योगदान देने के लिए Rahul Dravid, Mithali Raj और Roger Binny को Board of Control for Cricket in India (BCCI) के प्रतिष्ठित कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 15 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित विशेष पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा। बीसीसीआई के अनुसार द्रविड़ और बिन्नी को भारतीय क्रिकेट की शानदार सेवा के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है, जबकि मिताली राज को महिला क्रिकेट के विकास और उसे वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में उनके असाधारण योगदान के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस समारोह में 2024-25 सत्र के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की भी घोषणा की गई है। Shubman Gill को दूसरी बार पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए पॉली उमरीगर पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं Smriti Mandhana को अपने करियर में पांचवीं बार महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चुना गया है।
घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। मुंबई की इरा जाधव को सर्वश्रेष्ठ महिला घरेलू क्रिकेटर के लिए जगमोहन डालमिया ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि हरियाणा की शेफाली वर्मा को सीनियर महिला घरेलू वनडे में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए यही ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा मुंबई के आयुष म्हात्रे को घरेलू सीमित ओवर प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार मिलेगा, जबकि विदर्भ के हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी 2024-25 सत्र में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस समारोह की खास बात यह भी होगी कि पहली बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली भारत की पांचों टीमों को एक साथ सम्मानित किया जाएगा। इनमें चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली सीनियर पुरुष टीम, महिला वनडे विश्व कप 2025 विजेता टीम, अंडर-19 पुरुष विश्व कप 2026 विजेता टीम और अंडर-19 महिला विश्व कप 2025 विजेता टीम शामिल हैं।

