नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय वनडे कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए विदाई सीरीज की चर्चा को खारिज कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुक्ला ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा, “पुल आएगा तो बताएंगे कैसे पार करना है।” भारत के इंग्लैंड दौरे के बाद खबरें आई थीं कि टीम प्रबंधन 19 से 25 अक्टूबर के बीच ऑस्ट्रेलिया में तीन एकदिवसीय मैचों के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर फैसला ले सकता है। हालांकि, BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने ऐसी सभी अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोहित और कोहली दोनों अभी भी 50 ओवर की टीम की योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं।
“फेयरवेल की बात आप क्यों करने लगे?” राजीव शुक्ला का स्पष्ट जवाब
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यूपी टी20 लीग के दौरान शेयर किए गए एक वीडियो में राजीव शुक्ला से सवाल किया गया कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली को सचिन तेंदुलकर जैसा फेयरवेल मिलेगा। इस पर शुक्ला ने कहा, “वो रिटायर कहां हुए? रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों अभी वनडे खेलेंगे ही। तो अभी रिटायर तो हुए नहीं, फेयरवेल की बात आप क्यों करने लगे, चिंता करने लगे। दो फॉर्मेट भी फेजेज में हैं। अभी तो वे खेल ही रहे हैं, इसलिए इतना परेशान होने की जरूरत नहीं है।”
निर्णय का हम सम्मान करते हैं: राजीव शुक्ला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया, “बीसीसीआई की पॉलिसी बिल्कुल साफ है कि हम किसी भी खिलाड़ी से यह नहीं कहते कि आप रिटायर हो जाएं। यह फैसला खिलाड़ी को खुद लेना होता है और उसके निर्णय का हम सम्मान करते हैं। पुल आएगा तो बताएंगे कैसे पार करना है, लेकिन आप लोग पहले से ही उनका फेयरवेल कराने लगे हैं। विराट कोहली अभी बहुत फिट हैं और रोहित शर्मा भी शानदार खेल रहे हैं, तो फेयरवेल के लिए परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है।”
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित-विराट ने नहीं खेला कोई मैच
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने संयुक्त अरब अमीरात में हुई चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला है। उस टूर्नामेंट में कोहली ने सेमीफाइनल में मैच जिताऊ पारी खेली थी और ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ शतक भी जड़ा था। वहीं, रोहित ने दुबई में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 76 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत को 12 साल बाद आईसीसी वनडे खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

