भोपाल। औरंगाबाद में 1 से 5 नवम्बर 2018 तक आयोजित आॅल इंडिया यूनिवर्सिटी राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश मार्शल आर्ट कुश्ती अकादमी की खिलाड़ी बेटी रमन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अर्जित किया और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में कुश्ती खिलाड़ी रमन यादव ने 50 किलोग्राम भारवर्ग में भागीदारी करते हुए तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में हिसार हरियाणा की खिलाड़ी मीनू को 10-0 से परास्त कर एकतरफा जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक जीता।
संचालक खेल और युवा कल्याण डाॅ. एस.एल. थाउसेन ने आॅल इंडिया यूनिवर्सिटी राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में रमन यादव के प्रदर्शन की सराहना की हैं और पदक विजेता कुश्ती खिलाड़ी रमन यादव को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि ग्वालियर निवासी रमन यादव विगत पांच वर्षो से अकादमी में कुश्ती खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। रमन यादव ने वर्ष 2016 में तुर्की के इंस्तांबुल में आयोजित स्कूल वर्ल्ड चैम्पियनशिप में एक कांस्य पदक देश को दिलाया हैं। इसके अलावा उन्होने वर्ष 2015 में सब जूनियर ओपन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक कांस्य पदक और वर्ष 2017 में पटना में आयोजित जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। रमन यादव ने वर्ष 2015 और 2016 में आयोजित स्कूल नेशनल में एक-एक रजत पदक भी अर्जित किए हैं। रमन यादव अकादमी के प्रशिक्षक विनय प्रजापति, रेखा रानी और सुमित शेरावत से कुश्ती खेल की बारीकियां सीख रही हैं।