नई दिल्ली : कर्नाटक की टीम 2014-15 में रणजी ट्रॉफी की विजेता रही थी। 11 साल बाद अब कर्नाटक ने फिर से रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है। कप्तान Devdutt Padikkal की कप्तानी में कर्नाटक ने एक दशक से अधिक का इंतजार खत्म किया। वहीं पहली बार फाइनल में पहुंची जम्मू-कश्मीर से कर्नाटक की भिड़ंत खिताबी मुकाबले में होगी। फाइनल मैच 24 फरवरी से खेला जाएगा। केएल राहुल ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सेमीफाइनल में बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने पहली पारी में 141 और दूसरी पारी में नाबाद 86 रन बनाए। उन्होंने पूरे मैच में कुल 227 रनों का योगदान दिया। उनके अलावा कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने पहली पारी में 232 रन बनाए थे और दूसरी पारी में वह बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।
उत्तराखंड का रणजी फाइनल का सपना टूटा
उत्तराखंड की टीम भी पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंची थी। उसका पहली बार फाइनल खेलने का सपना टूट गया है। इस मैच में पहले खेलते हुए कर्नाटक की टीम ने 736 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में उत्तराखंड की टीम 233 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में कर्नाटक ने 323 रन बनाए और उत्तराखंड के सामने 827 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में उत्तराखंड की टीम 6 विकेट पर 260 रन बना पाई और हार मान ली। अंत में मुकाबले को ड्रॉ घोषित किया गया।
जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी फाइनल में पहुंची
जम्मू-कश्मीर की टीम 67 साल में पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। अब Aaqib Javed Dar की गेंदबाजी के सामने कर्नाटक की मजबूत बल्लेबाजी का असली टेस्ट होगा। इस संस्करण में आकिब अब तक 55 विकेट ले चुके हैं और बंगाल के खिलाफ उन्होंने एक ही मैच में 9 विकेट झटके थे। फाइनल में राहुल, पडिक्कल, करुण नायर और मयंक अग्रवाल को जम्मू-कश्मीर की गेंदबाजी का सामना करना होगा, जो मुकाबले को और रोमांचक बनाएगा।

