नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के छठे राउंड में गुरुवार, 22 जनवरी को भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने कप्तानी डेब्यू किया। मुंबई के खिलाफ मैच में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन कप्तान सिराज को पहले सत्र में विकेट लेने के लिए इंतजार करना पड़ा। इस राउंड में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल और रविंद्र जडेजा भी शामिल हैं। दोनों आमने-सामने हैं, और गिल की कप्तानी वाली पंजाब के सामने सौराष्ट्र की टीम संकट में नजर आ रही है। पहले सत्र में ही सौराष्ट्र ने 6 विकेट गंवा दिए हैं, जबकि जडेजा भी पवेलियन लौट चुके हैं।
सिराज का विकेट के लिए संघर्ष
हैदराबाद के खिलाफ मुंबई ने अच्छी शुरुआत की और 27 ओवर में 2 विकेट पर 66 रन बना लिए। मुंबई को पहला झटका अखिल हेरवाडकर के रूप में लगा, जिनका विकेट रोहित रायुडू ने लिया। हेरवाडकर ने 71 गेंदों पर 27 रन बनाए। मोहम्मद सिराज को आकाश आनंद का विकेट मिला, जिन्होंने 77 गेंदों में 35 रन बनाए। सिराज को पहला विकेट 8वें ओवर में हासिल हुआ, जिसमें उन्होंने 3 मेडन ओवर फेंकते हुए केवल 14 रन देकर 1 विकेट लिया। सिराज के नेतृत्व में नितीश कुमार रेड्डी भी टीम के लिए खेल रहे हैं।
पंजाब के खिलाफ सौराष्ट्र बैकफुट पर
पंजाब के खिलाफ सौराष्ट्र बैकफुट पर है। उसने 32.2 ओवर में 136 रन पर 6 विकेट गंवा दिए। पंजाब के लिए हरप्रीत बरार और जस इंदर ने 2-2 विकेट लिए। सनवीर सिंह और प्रतित दत्ता ने 1-1 विकेट झटके। रविंद्र जडेजा 6 गेंद पर 7 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जस इंदर ने पवेलियन भेजा। सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
जय गोहिल ने लगाया अर्धशतक
हार्दिक देसाई ने 13, चिराग जानी 8, अर्पित वासवाड़ा 2, रविंद्र जडेजा 7 और प्रेरक मांकड़ 32 रन बनाए, जबकि सम्मर गज्जर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। पंजाब ने 37 ओवर में 6 विकेट पर 151 रन बना लिए हैं। इस समय जय गोहिल 97 गेंदों में 73 रन बनाकर क्रीज पर हैं, वहीं हेतविक कोटक 12 रन के साथ उनके साथ खेल रहे हैं।

