नई दिल्ली : इंडिया ए के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी पारी में भी शतक जमाया। उन्होंने पहली पारी में भी नाबाद 137 रन की पारी खेली थी, जिससे टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में मदद मिली थी। ध्रुव जुरेल ने दूसरी पारी में भी टीम को मुसीबत से निकालने का काम किया और अपना शतक पूरा किया। ये उनका दूसरे टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ बैक-टू-बैक शतक रहा साथ ही ये उनके फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर का 5वां शतक रहा।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट से पहले ध्रुव का लय में आना टीम इंडिया के लिए काफी अच्छा संकेत है। भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में 7 विकेट खोकर 382 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। इस के साथ ही भारत की कुल बढ़त 416 रन हो गई है, जिससे साउथ अफ्रीका को मैच जीतने के लिए 417 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य मिला है।
ध्रुव जुरेल का निरंतर दूसरा शतक, बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन
दूसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में ध्रुव जुरेल ने अपना शतक 159 गेंदों पर पूरा किया। ध्रुव ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 12 चौके लगाे। ध्रुव ने दूसरी पारी में हर्ष दुबे के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 250 गेंदों पर 184 रन की शानदार साझेदारी की। हर्ष दुबे ने भी टीम के लिए अच्छी पारी खेली और उन्होंने 116 गेंदों पर 84 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक छक्का और 12 चौके निकले।
ऋषभ पंत ने 48 गेंदों में जमाया अर्धशतक, तेज़ पारी का किया आगाज़
दूसरी पारी में ध्रुव जुरेल ने 170 गेंदों का सामना करते हुए 1 छक्का और 15 चौकों की मदद से नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेली। वहीं मैच के तीसरे दिन कप्तान ऋषभ पंत पहले रिटायर हर्ट हुए, लेकिन इसके बाद उन्होंने फिर से बैटिंग के लिए मैदान संभाला और मात्र 48 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। दूसरी पारी में पंत ने 54 गेंदों में 4 छक्के और 5 चौकों की मदद से 65 रन की तेज़ और प्रभावशाली पारी खेली।

