एनएसटी न्यूज, भोपाल। वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट (महिला वर्ग) में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल की महिला क्रिकेट टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए बनस्थली विद्यापीठ, टोंक (राजस्थान) को 7 विकेट से पराजित कर विजय अभियान कायम रखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बनस्थली विद्यापीठ की टीम आरएनटीयू की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। देवांशी चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं स्वाति वर्मन ने 4 ओवर में 16 रन देकर 1 विकेट तथा शिवानी शुक्ला ने 2 ओवर में 1 विकेट हासिल किया। निर्धारित 20 ओवर में बनस्थली विद्यापीठ की टीम 5 विकेट के नुकसान पर 124 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरएनटीयू की टीम ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। कप्तान रीना यादव ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 45 गेंदों में 10 चौकों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए। विकेटकीपर-बल्लेबाज हर्षिता सिंह ने 35 गेंदों पर 6 चौकों की सहायता से 33 रन बनाए, जबकि स्वाति वर्मन ने 13 गेंदों पर 14 रन का योगदान दिया। आरएनटीयू ने 17.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कप्तान रीना यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। टीम का मार्गदर्शन मैनेजर राहुल शिंदे और कोच अपर्णा श्रीवास्तव कर रही हैं। टीम टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभर रही है। यह टूर्नामेंट 12 से 19 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
लगातार मिल रही सफलताओं पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे, प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, कुलपति डॉ. रवि प्रकाश दुबे, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. नितिन वत्स, प्रति-कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता, कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी और जिला खेल अधिकारी (रायसेन) श्री जलज चतुर्वेदी ने टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
टीम सदस्य
रीना यादव (कप्तान), मुस्कान मिश्रा (उपकप्तान), शिवानी शुक्ला, स्वाती वर्मन, मानसी लश्करी, पल्लवी यादव, भारती हरिजन, इशिका सिंह, सोनिया सिंह, देवांशी चौधरी, सुषमा विश्वकर्मा, वैष्णवी पाल, श्रेया गुप्ता, हर्षिता सिंह (विकेटकीपर/बल्लेबाज), खुशी सिंह सोलंकी, निशी कश्यप (विकेटकीपर/बल्लेबाज)।

