नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा कप्तानी से हटने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए। मंगलवार को उन्होंने एक क्रिकेट अवॉर्ड शो में शिरकत की, जहां वह एक बार फिर चर्चाओं का केंद्र बने। इस मौके पर रोहित ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर बयान दिया, जिसे लेकर क्रिकेट जगत में उत्सुकता बनी हुई थी। इस समारोह में उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत को जीत दिलाने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान खुद महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने उन्हें प्रदान किया।
इस अवॉर्ड शो में संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, वरुण चक्रवर्ती समेत कई अन्य खिलाड़ी भी मौजूद रहे, जिससे यह आयोजन खास बन गया। रोहित शर्मा को लेकर पिछले एक दो महीने में कई खबरें आई थीं कि उन्होंने अपना वजन घटाया है। वहीं हाल ही में टीम इंडिया के लिए होने वाले योयो टेस्ट और ब्रोंको टेस्ट को भी उन्होंने पास किया था। अब जब वह इस समारोह में पहुंचे तो वह काफी स्लिम नजर आ रहे थे। वहीं उनकी तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी रितिका सजदेह भी नजर आ रही थीं।
हिटमैन ने तोड़ी चुप्पी, ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर कही दिल की बात
पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने एक अवॉर्ड समारोह में मयंती लैंगर से बात करते हुए कहा, “मुझे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना और वहां का दौरा करना बेहद पसंद है। ऑस्ट्रेलिया के लोग क्रिकेट को बहुत प्यार करते हैं। वहां खेलना हमेशा चैलेंजिंग होता है। इंडियन टीम वही करेगी जो करती आई है।” हालांकि, कप्तानी गंवाने और वनडे क्रिकेट में अपने भविष्य को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। उल्लेखनीय है कि रोहित ने इसी साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।
पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप खेलने के बाद उन्होंने और विराट कोहली ने भी संन्यास की घोषणा की थी। अब रोहित शर्मा केवल वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। रोहित शर्मा के फैंस को 19 अक्टूबर का बेसब्री से इंतजार होगा। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल के बाद पहली बार टीम इंडिया के लिए रोहित मैदान पर उतरेंगे। हालांकि, फैंस थोड़ा निराश जरूर हैं क्योंकि हिटमैन अब बतौर कप्तान नहीं बल्कि बतौर खिलाड़ी ही उतरेंगे। ऐसे में उनके फनी स्टंप माइक वीडियो और खिलाड़ियों के साथ होने वाली मस्ती को क्रिकेट फैंस जरूर मिस करने वाले हैं।

