नई दिल्ली: 40 की उम्र के बावजूद क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जज्बा उतना ही प्रबल है। उन्होंने एक बार फिर दुनिया को याद दिलाया कि महान खिलाड़ी सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि अपने जुनून, फिटनेस और खेल के जज्बे से इतिहास रचते हैं। अल नस्र की ओर से खेलते हुए रोनाल्डो ने अल खलीज के खिलाफ मुकाबले के आखिरी पलों में शानदार बाइसाइकिल किक लगाई, जिसने मैच को बेहद यादगार बना दिया।
अल नस्र का दबदबा और रोनाल्डो का यादगार गोल
आखिरी मिनट में आया यह गोल सिर्फ एक गोल नहीं था, यह भावना, क्लास और ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम (G.O.A.T) लेवल का सिग्नेचर मोमेंट था। इस बाइसाइकिल किक को देखकर फैंस को तुरंत 2017 में युवेंतस के खिलाफ किए गए रोनाल्डो के चैंपियंस लीग वाले ऑल-टाइम बेस्ट गोल की याद आ गई। यह गोल रोनाल्डो के करियर का 954वां गोल था और इसे देखकर ये कहना गलत नहीं होगा कि उम्र सिर्फ नंबर है, लेकिन लेजेंड्स की भूख हमेशा जवान रहती है। अल नस्र ने इस मैच में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा।
मैच का हाल और प्रमुख घटनाएँ
अल नस्र ने मैच की शुरुआत से ही अटैकिंग खेल दिखाया। सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे जोआओ फेलिक्स, जिन्होंने एक गोल और एक असिस्ट कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। 39वें मिनट में पहला गोल आया और सिर्फ तीन मिनट बाद वेस्ली ने दूसरा गोल दागकर अल खलीज को दबाव में डाल दिया। दूसरे हाफ में अल खलीज ने वापसी की कोशिश की और 47वें मिनट में स्कोर 2-1 कर दिया, लेकिन इसके बाद मैच फिर अल नस्र के नियंत्रण में चला गया। सादियो माने ने गोल कर अल नस्र की बढ़त दो गोल कर दी और वहीं से अल खलीज की उम्मीदें खत्म हो गईं, खासकर जब उनकी टीम एक खिलाड़ी कम हो गई। अंत में, 90+6वें मिनट में नवाज बौशाल के असिस्ट पर रोनाल्डो ने शानदार बाइसाइकिल किक लगाई और अल नस्र ने 4-1 से जीत दर्ज की।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के रिकॉर्ड्स और उपलब्धियाँ
फेलिक्स और रोनाल्डो ने 2025/26 सऊदी प्रो लीग में अपने गोलों की संख्या 10-10 कर ली है। अल नस्र ने अब तक शानदार प्रदर्शन जारी रखा है और टीम ने नौ मैचों में नौ जीत के साथ कुल 30 गोल कर ली हैं, जिससे लीग में शीर्ष स्थान बनाए रखा है। अल-खलीज की टीम छठे स्थान पर है, जिसमें उनके खाते में चार जीत, दो ड्रॉ और तीन हार के साथ कुल 14 अंक हैं। रोनाल्डो ने अब तक अल नस्र के लिए खेले गए 123 मैचों में 110 गोल किए हैं। सिर्फ सऊदी प्रो लीग की बात करें तो उनके नाम 86 मैचों में 84 गोल दर्ज हैं, जिससे वे लीग इतिहास के तीसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

