नई दिल्ली. भारतीय बल्लेबाज़ ऋतुराज गायकवाड़ अब यॉर्कशायर की टीम के लिए काउंटी क्रिकेट नहीं खेलेंगे। यॉर्कशायर के कोच एंथनी मैकग्रॉ ने पुष्टि की है कि गायकवाड़ ने निजी कारणों से करार रद्द कर दिया है। 22 जुलाई को सरी के खिलाफ होने वाले मैच में उनका डेब्यू होना था, लेकिन अब वे पूरे सीजन के लिए अनुपलब्ध रहेंगे।
कोच मैकग्रॉ ने कहा, “हमें नहीं पता कि उनका निजी कारण क्या है, लेकिन हम यही उम्मीद करते हैं कि उनके परिवार में सब ठीक हो।” उन्होंने बताया कि टीम अब नए खिलाड़ी की तलाश में है, हालांकि समय बहुत कम बचा है।
गायकवाड़ आखिरी बार IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान के रूप में खेले थे। लेकिन कोहनी की चोट के कारण वे सिर्फ 5 मैच खेल सके थे और फिर कप्तानी एमएस धोनी को सौंपनी पड़ी थी। सीएसके इस बार सबसे नीचे रही थी।
यॉर्कशायर की टीम भी इस सीज़न संघर्ष कर रही है। छह मैचों में सिर्फ दो जीत और चार हार झेलने वाली टीम अंक तालिका में आठवें नंबर पर है। ऐसे में गायकवाड़ का न आना टीम के लिए और भी चिंता की बात है।

