चेन्नई। तमिलनाडु के बल्लेबाज़ बी साई सुदर्शन पसली में फ्रैक्चर के चलते छह से आठ सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रह सकते हैं। उन्हें यह चोट अहमदाबाद में मध्य प्रदेश के खिलाफ खेले गए विजय हज़ारे ट्रॉफी मुकाबले के दौरान लगी थी। यह चोट साई सुदर्शन को अपनी 51वीं रन के लिए डाइव लगाते समय लगी। उस मुकाबले में तमिलनाडु को मध्य प्रदेश के खिलाफ दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। जानकारी के अनुसार साई सुदर्शन ने 29 दिसंबर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिपोर्ट किया था, जहां स्कैन में उनकी दाहिनी सातवीं पसली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। यह फ्रैक्चर उसी स्थान पर हुआ है, जहां टूर्नामेंट की शुरुआत में नेट अभ्यास के दौरान उन्हें पहले भी चोट लगी थी।
सूत्रों के अनुसार इस तरह की पसली की चोट से पूरी तरह उबरने में आमतौर पर छह से आठ सप्ताह का समय लगता है। ऐसे में साई सुदर्शन के लिए तमिलनाडु के शेष रणजी ट्रॉफी मुकाबलों में खेल पाना मुश्किल माना जा रहा है। हालांकि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से पहले उनकी वापसी की संभावना बनी हुई है, जहां वह गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हैं। CoE की मेडिकल रिपोर्ट में बताया गया है कि फिलहाल साई सुदर्शन घायल पसली की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शरीर के निचले हिस्से की मजबूती पर काम कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार अगले सात से दस दिनों में जब चोट के तीव्र लक्षण कम हो जाएंगे, तब उन्हें शरीर के ऊपरी हिस्से की ट्रेनिंग शुरू कराई जाएगी। गौरतलब है कि साई सुदर्शन ने वर्ष 2025 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक खेले गए छह टेस्ट मैचों में उन्होंने 27.45 की औसत से 302 रन बनाए हैं। इसके अलावा वह भारत के लिए तीन वनडे और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेल चुके हैं।

