नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने असम को 98 रन के विशाल अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में सरफराज खान ने बेहतरीन शतक जड़कर टीम की जीत की नींव रखी, जबकि सूर्यकुमार यादव और ओपनर आयुष महात्रे का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। गेंदबाजी में कप्तान शार्दुल ठाकुर ने कमाल किया और अपनी घातक गेंदों से असम की बल्लेबाजी को शुरुआत से ही दबाव में डालकर पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
इस मैच में असम के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीता था और फिर गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 220 रन बनाए। जीत के लिए असम को 221 रन का बड़ा टारगेट मिला था, लेकिन ये टीम 19.1 ओवर में 122 रन पर सिमट गई और उसे हार मिली। सरफराज को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सरफराज खान चमके, जड़ा शानदार शतक
मुंबई के लिए इस मैच में तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए सरफराज खान ने टीम के लिए शतकीय पारी खेली और 47 गेंदों पर 7 छक्के और 8 चौकों के साथ नाबाद 100 रन बनाए। उन्होंने 212.77 की स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए। ओपनर आयुष महात्रे ने इस मैच में 21 रन, रहाणे ने 42 रन जबकि सूर्यकुमार यादव ने 20 रन की पारी खेली। सूर्यांश शेडगे 9 रन बनाकर जबकि साईराज पाटिल ने 9 गेंदों पर नाबाद 25 रन की पारी खेली।
शार्दुल ठाकुर का कहर! 5 विकेट लेकर मचाया धमाल
मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ 3 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट चटकाते हुए असम की बल्लेबाजी लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया। उनके अलावा साईराज पाटिल और अथर्व अंकोलकर ने भी शानदार गेंदबाजी की और 2-2 विकेट अपने नाम किए। शम्स मुलानी को एक सफलता मिली। असम की ओर से शिवशंकर रॉय ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, जबकि कप्तान रियान पराग बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जिससे टीम की शुरुआत और भी खराब हो गई।

