नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व खिलाड़ी और विराट कोहली के करीबी दोस्त एबी डिविलियर्स ने राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच पद से राहुल द्रविड़ के अलग होने पर बड़ा खुलासा किया है। डिविलियर्स के मुताबिक, भारत के पूर्व कप्तान को ठीक वैसे ही बाहर का रास्ता दिखाया गया, जैसे इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) में फुटबॉल मैनेजरों के साथ अक्सर किया जाता है।
2025 सीजन में आठ साल बाद आईपीएल में कोचिंग के लिए लौटे राहुल द्रविड़ की मौजूदगी में राजस्थान रॉयल्स अंकतालिका में नौवें स्थान पर रही। सीजन के बाद ऐसी खबरें सामने आईं कि कप्तान संजू सैमसन ने भी फ्रेंचाइजी छोड़ने की इच्छा जताई है। द्रविड़ के टीम से अलग होने की आधिकारिक पुष्टि पिछले शनिवार को हुई। राजस्थान रॉयल्स ने बयान जारी कर बताया कि द्रविड़ को फ्रेंचाइजी की ओर से एक बड़ा पद ऑफर किया गया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
फ्रेंचाइजी मालिक का बड़ा फैसला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एबी डिविलियर्स ने कहा, “मुझे लगता है कि यह पूरी तरह मालिक और प्रबंधन का फैसला था। उन्होंने राहुल द्रविड़ को टीम में एक बड़ी भूमिका निभाने का विकल्प दिया था, लेकिन उन्होंने उसे ठुकरा दिया। संभव है कि वह इस फैसले से नाराज़ हों और अब भी डगआउट से जुड़े रहना चाहते हों। लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं कि द्रविड़ अपने पीछे एक बड़ी विरासत और गहरी छाप छोड़ गए हैं। वह एक महान व्यक्तित्व के मालिक हैं और खेल की बारीकियों को गहराई से समझते हैं। मैंने कई युवा खिलाड़ियों से व्यक्तिगत तौर पर बात की है, जिन्होंने बताया कि उनके करियर में द्रविड़ का बहुत बड़ा योगदान और असर रहा है।”
कोच और मैनेजर पर नतीजे व ट्रॉफी जीतने का दबाव
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डिविलियर्स ने आगे कहा, “आईपीएल जैसी लीग में कोच और मैनेजर पर हमेशा नतीजे देने और ट्रॉफी जीतने का दबाव रहता है। अगर वे ऐसा करने में नाकाम रहते हैं तो मालिकों की तरफ से असंतोष और शिकायतें शुरू हो जाती हैं। असली वजह क्या रही, यह कहना मुश्किल है, लेकिन चूंकि राहुल ने दूसरी भूमिका स्वीकार नहीं की, हो सकता है उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया हो। यह निश्चित रूप से आदर्श स्थिति नहीं है। शायद राजस्थान रॉयल्स आने वाले सीजन के लिए कुछ नया करना चाहती है और बदलाव की तरफ बढ़ना चाहती है।”
बटलर जैसे खिलाड़ियों को रिलीज करने पर सवाल
डिविलियर्स ने पिछले साल नवंबर में राजस्थान की निराशाजनक आईपीएल मेगा नीलामी पर भी कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने फ्रेंचाइजी के कई बड़े खिलाड़ियों को एक साथ रिलीज करने के फैसले की आलोचना की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डिविलियर्स के मुताबिक, “मुझे नहीं लगता कि पिछली बार उनकी नीलामी अच्छी रही थी। उन्होंने जोस बटलर और उनके जैसे कई बड़े खिलाड़ियों को जाने दिया, जो मेरे हिसाब से गलती थी। कभी-कभी बदलाव करना सही होता है, लेकिन यह बहुत आक्रामक नहीं होना चाहिए। आप एक या दो खिलाड़ियों को छोड़ सकते हैं, लेकिन उन्होंने टीम का बड़ा हिस्सा एक साथ रिलीज कर दिया। यह प्रक्रिया धीरे-धीरे होनी चाहिए थी।”

