भोपाल। दिल्ली मे आयोजित 19वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह स्मृति शूटिंग चैम्पियनशिप में म. प्र. राज्य शूटिंग अकादमी के प्रतिभावान रायफल खिलाड़ी एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन की सीनियर एवं जूनियर व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को दो स्वर्ण पदक दिलाये।
एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी ने शूटिंग चैम्पियनशिप में किए गए एश्वर्य प्रताप सिंह के प्रदर्शन की सराहना की है। उन्होंने स्वर्ण और रजत पदक विजेता एश्वर्य प्रताप, रजत पदक विजेता हर्षित बिंजवा और जैनब हुसैन तथा कांस्य पदक विजेता सुनिधि, जेनब, मानसी, ऐश्वर्या और श्रेया अग्रवाल को बधाई दी है।
संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस.एल. थाउसेन ने भी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए हर्ष व्यक्त किया है।
एश्वर्य प्रताप ने 50 मीटर राइफल थ््राी पोजीशन स्पर्धा में 453.5 अंकों के साथ ओलंपियन खिलाड़ियों गगन नारंग और रवि कुमार को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। इसी स्पर्धा के जूनियर वर्ग में भी ऐश्वर्य प्रताप ने 454.1 अंकों के साथ दूसरा स्वर्ण पदक जीता। जबकि 450.1 अंकों के साथ अकादमी के खिलाड़ी हर्षित बिंजवा ने रजत पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता के 10 मीटर एयर राइफल सीनियर और जूनियर व्यक्तिगत स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने क्रमशः एक कांस्य और एक रजत पदक जीता। इसके अलावा एयर राइफल मिक्सड इवेंट में ऐश्वर्य प्रताप और श्रेया अग्रवाल की जोड़ी ने कांस्य पदक अर्जित किया। अकादमी की खिलाड़ी जेनब हुसैन बंदूकवाला ने 50 मीटर थ्री पोजीशन जूनियर इवेंट में रजत पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। सीनियर वूमेन टीम इवेंट में सुनिधि चैहान, जेनब और मानसी कठेत ने कांस्य पदक अर्जित किया।
उक्त खिलाड़ी शूटिंग अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक सुश्री सुमा सुरूर, प्रशिक्षक श्रीमती सुनीता लाखन और वैभव शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं। गौरतलब है कि शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी एश्वर्य प्रताप सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए देश को एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक दिलाया है। जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एश्वर्य ने नौ स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक अर्जित किए है।