नई दिल्ली : भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर मैदान पर लौटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। इस सीरीज से ठीक पहले श्रेयस ने इस सीजन की विजय हजारे ट्रॉफी में दो मैच खेले थे और उसमें शानदार फॉर्म में दिखाई दिए थे।
श्रेयस ने इस सीजन की विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी संभाली थी और पहले मैच में उन्होंने अर्धशतक जड़ा था। हालांकि दूसरे मैच में वह अर्धशतक से चूक गए, लेकिन पूरी तरह फिट नजर आए। ऐसे में संभावना है कि वह फिर से भारत के लिए चौथे नंबर पर बैटिंग करते हुए दिखाई दें। बीसीसीआई की तरफ से पहले ही कहा गया था कि श्रेयस की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी, और उनके हालिया प्रदर्शन को देखकर ऐसा लगता है कि अब उन्हें कोई समस्या नहीं है।
वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रेयस का दमदार आंकड़ा
श्रेयस अय्यर का न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है और उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ अच्छी खासी धाक जमा रखी है। अब तक श्रेयस ने इस टीम के खिलाफ 10 मैच खेले हैं, जिनमें 9 पारियों में उन्होंने 67.88 की औसत से कुल 611 रन बनाए हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 2 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 105 रन रहा। साथ ही, इन पारियों में श्रेयस ने 55 चौके और 18 छक्के भी जड़े हैं।
श्रेयस अय्यर के वनडे रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने अब तक 73 वनडे मैचों की 67 पारियों में 2917 रन बनाए हैं। इस दौरान श्रेयक के बल्ले से कुल 5 शतक और 23 अर्धशतक निकले हैं। उनका स्ट्राइक रेट इन मैचों में 47.81 रहा है और उनका बेस्ट स्कोर वनडे में नाबाद 128 रन रहा है।

