(NST News) भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार को सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में 15वीं जिला कराते चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में भोपाल जिले के 24 से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। 6 से 18 साल तक के आयु वर्ग के लगभग 400 प्रतिभागियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कराते के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ दमखम दिखाया और दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण भोपाल के भाई-बहन नौमिशी दुबे और विश्व दुबे रहे। दोनों ने कराते के कुमिते फार्म में शानदार खेल दिखाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। नौमिशी दुबे और विश्व दुबे ने अपनी-अपनी कैटेगरी में 3-3 फाइट जीतकर जीत की राह बनाई। भाई-बहन की इस जोड़ी ने अपनी निडरता और आक्रामक खेल से न केवल प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया बल्कि दर्शकों का दिल भी जीत लिया।
दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सभी ने जमकर सराहना की। प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने कहा कि नौमिशी और विश्व ने कराते के प्रति अनुशासन और समर्पण का शानदार उदाहरण पेश किया है। उनकी जीत से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि मेहनत और लगन से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। इस उपलब्धि ने भोपाल जिले का नाम भी रोशन किया है। कोच शिवा सोनी ने बताया कि इस सफलता के पीछे निरंतर अभ्यास और मेहनत का बड़ा योगदान है। नौमिशी और विश्व ने पिछले दो महीनों से बिना किसी छुट्टी के लगातार अभ्यास किया और अपने खेल को निखारने में दिन-रात मेहनत की। उनकी मेहनत का नतीजा रहा कि उन्होंने कराते के मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विरोधियों को मात दी और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह जीत उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर पहला कदम है।

