भोपाल। एसके जनरेटर ने गोपाल पाण्डेय फैंस क्लब को तथा एचएनसी तारिक ने लाल बाग राजा इलेवन को पराजित कर यहॉ खेली जा रही विधायक ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फायनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता स्थानीय एफ सेक्टर, बरखेडा पठानी, भेल में खेली जा रही है। आज के मैचों के दौरान पार्षद व एमआईसी सदस्य केवल मिश्रा से खिलाडियों का परिचय कराया गया। हर मैच से पूर्व टीमों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जाती है तथा मैदान को साफ सुथरा रखा जाने के लिए प्रेरित किया जाता है। पहले मैच में टॉस जीतकर पहले खेलते हुए गोपाल पाण्डेय फैंस क्लब ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट पर 68 रन बनाए। हरिओम ने आज भी 3 छक्कों की मदद से नाबाद 27 रनों का योगदान दिया। एसके जनरेटर की ओर से गुडडू ने 3 विकेट लिये। एसके जनरेटर ने 3 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। स्टार बल्लेबाज योगी ने 25 व अतुल ने 22 नाबाद रनों की पारी खेली। एक अन्य मैच में एसएनसी तारिक क्लब ने पहले खेलते हुए 4 विकेट खोकर 99 रन बनाए। चंदन ने नाबाद 34 व हनीफ ने 24 रन बनाए। लाल बाग इलेवन ने सोनू ने 2 विकेट चटकाए। जवाबी पारी खेलते हुए लाल बाग राजा इलेवन टीम तारिक क्लब की कसी हुई गेंदबाजी के सामने 55 रनों पर सिमट गई। उनकी ओर से अविनाश 17 व जित्तू 11 ही दहाई का अंक स्पर्श कर सके। विजेता टीम से मोहित व हनीफ ने 3-3 खिलाडियों को आउट किया।

