नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के 11वें मैच में गुरुवार, 18 सितंबर को अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में श्रीलंका (SL) का सामना अफगानिस्तान (AFG) से होगा। श्रीलंका ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान बनाए रखा है, जबकि अफगानिस्तान ने एक मैच जीता है और एक हारा है, जिससे वह अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। इस निर्णायक मैच को जीतने वाली टीम सुपर 4 चरण में प्रवेश करेगी। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल आठ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें श्रीलंका ने पांच मैच अपने नाम किए हैं।
श्रीलंका ने अपने पिछले मैच में हॉन्गकॉन्ग का सामना किया था और टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। हॉन्गकॉन्ग ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए। श्रीलंका के लिए दुष्मंता चमीरा ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए। श्रीलंका ने 150 रनों के लक्ष्य को हासिल करने में 18.5 ओवर लिए और मैच चार विकेट से जीत लिया। पथुम निसांका सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने 44 गेंदों पर 68 रन बनाए। उन्हें उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
अफगानिस्तान ने अपने पिछले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबला खेला, जिसमें बांग्लादेश ने पांच विकेट खोकर 154 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान और नूर अहमद ने दो-दो विकेट लिए। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 31 गेंदों पर 35 रन बनाकर टीम के लिए सबसे अधिक स्कोर किया। अफगानिस्तान को अंतिम ओवर में 22 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम सिर्फ 13 रन ही जोड़ सकी और अपनी पारी की आखिरी गेंद पर 146 रन पर आउट हो गई। इसके चलते अफगानिस्तान आठ रन से मैच हार गया।
श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, शेख जायद स्टेडियम पिच रिपोर्ट
अबुधाबी संयुक्त अरब अमीरात में ज्यादा स्कोर वाले मैदानों में से एक है। हालांकि इस टूर्नामेंट में अब तक इस मैदान पर धीमे गेंदबाजों ज्यादा सफलता मिली है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने अब तक पांच में से तीन मैच जीते हैं। आमतौर पर अफगानिस्तान पहले बल्लेबाजी करके लक्ष्य निर्धारित करना पसंद करता है। इस सीजन में श्रीलंका ने इस मैदान पर जो एकमात्र मैच खेला है, उसमें उसने बांग्लादेश के खिलाफ 15 ओवर के अंदर 140 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया था।
श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, अबू धाबी मौसम पूर्वानुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अबुधाबी में मौसम नम और साफ रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है और मैच के दौरान कोई बड़ी बाधा नहीं आएगी। इस वजह से प्रशंसक आराम से श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले का बिना किसी रुकावट के आनंद ले सकेंगे।

