नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक बार फिर वनडे क्रिकेट में दुनिया की नंबर-1 बल्लेबाज का ताज हासिल कर लिया है। आईसीसी द्वारा मंगलवार को जारी ताजा महिला वनडे रैंकिंग में मंधाना ने साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ट को पीछे छोड़ दिया। मंधाना के रेटिंग पॉइंट्स अब 790 हो गए हैं, जबकि वोल्वार्ट 782 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में मंधाना ने 58 और 31 रनों की अहम पारियां खेलीं, जिसका उन्हें सीधा फायदा रैंकिंग में मिला। हालांकि, वोल्वार्ट के पास मार्च और अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज में फिर से नंबर-1 बनने का मौका रहेगा।
हरमनप्रीत कौर की टॉप-10 में वापसी
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी रैंकिंग में जोरदार छलांग लगाई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में 53, 54 और 25 रनों की पारियों की बदौलत वह चार स्थान ऊपर चढ़कर नौवें पायदान पर पहुंच गई हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स 12वें स्थान पर बनी हुई हैं।
एलिसा हीली की शानदार विदाई
ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एलिसा हीली ने अपने आखिरी वनडे मैच में शतक जड़ते हुए करियर को यादगार अंदाज में अलविदा कहा। वह 744 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर रहीं। बल्लेबाजी रैंकिंग में बेथ मूनी तीसरे और एशले गार्डनर पांचवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजी में अलाना किंग नंबर-1
गेंदबाजी रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग 775 पॉइंट्स के साथ दुनिया की नंबर-1 वनडे गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने करीब चार साल से शीर्ष पर काबिज सोफी एकलस्टन को पीछे छोड़ा। भारत के खिलाफ सीरीज में अलाना ने 16.71 की औसत से 7 विकेट झटके।
ऑलराउंडर्स में दीप्ति शर्मा टॉप-5 में कायम
भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि गेंदबाजी में वह 10वें नंबर पर हैं। ऑलराउंडर्स सूची में एशले गार्डनर पहले और वेस्टइंडीज की हेले मैथ्यूज दूसरे स्थान पर हैं।

