नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और शतकीय पारी खेली। इससे पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में भी उन्होंने टीम के लिए बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली थी।
स्मृति मंधाना ने 77 गेंदों में पूरा किया शानदार शतक
इस मैच में पहली पारी में बैटिंग करते हुए मंधाना ने जमकर अपना तेवर दिखाया और कंगारू गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। उन्होंने अपना शतक सिर्फ 77 गेंदों पर पूरा किया और इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और 12 चौके भी लगाए। उन्होंने अपना शतक भी चौके लगाकर पूरा किया। वो भारत की तरफ से दूसरी सबसे तेज वनडे शतक लगाने वाली खिलाड़ी भी बन गईं। कमाल की बात ये है कि महिला वनडे में वो भारत की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने वाली खिलाड़ी भी हैं।
भारत की तरफ से वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाली महिला बल्लेबाज
- 70 गेंद – स्मृति मंधाना बनाम आयरलैंड, राजकोट, 2025
- 77 गेंद – स्मृति मंधाना बनाम ऑस्ट्रेलिया, मुल्लांपुर, 2025
- 82 गेंद – हरमनप्रीत कौर बनाम इंग्लैंड, चेस्टर-ले-स्ट्रीट, 2025
- 87 गेंद- हरमनप्रीत कौर बनाम साउथ अफ्रीका, बेंगलुरु, 2024
- 89 गेंद – जेमिमा रोड्रिग्स बनाम साउथ अफ्रीका, कोलंबो RPS, 2025
स्मृति मंधाना ने टैमी ब्यूमोंट के बराबर किया कमाल
स्मृति मंधाना ने अपने वनडे करियर का 12वां शतक लगाया और वो महिला वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली तीसरी खिलाड़ी बन गई हैं। हालांकि तीसरे स्थान पर उनके साथ संयुक्त रूप से टैमी ब्यूमोंट भी हैं जिनके नाम पर भी 12 शतक हैं। इस लिस्ट में 15 शतक के साथ मेग लैनिंग पहले स्थान पर हैं।
महिला वनडे में सबसे अधिक शतक
- 15 – मेग लैनिंग
- 13 – सुजी बेट्स
- 12 – टैमी ब्यूमोंट
- 12 – स्मृति मंधाना
- 9 – शार्लेट एडवर्ड्स, चमारी अट्टापट्टू, हेली मैथ्यूज, नेट साइवर-ब्रंट
महिला क्रिकेट इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक
- स्मृति मंधाना – 15
- हरमनप्रीत कौर – 8
- मिताली राज – 8

