नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मैच शनिवार से दिल्ली में खेला जा रहा है। इसके दूसरे दिन भारत ने 536 रन बनाकर पारी घोषित की। इसके जवाब में श्रीलंका ने 3 विकेट खोकर 232 रन बना लिए हैं। इस दौरान एंजेलो मैथ्यूज ने टेस्ट करियर का 8वां शतक जड़ा। मैथ्यूज के साथ ही चंडीमल भी 76 रन बनाकर खेल रहे हैं। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच 157 रन की साझेदारी हो गयी है।
श्रीलंका के लिए दिमुथ करुणारत्ने और दिलरुवान परेरा ओपनिंग करने आए। इस दौरान करुणारत्ने पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। उन्हें मोहम्मद शमी ने आउट किया। इनके बाद धनंजया डी सिल्वा बैटिंग करने आए। लेकिन वो भी महज 1 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद का शिकार बने। श्रीलंका का तीसरा विकेट ओपनर परेरा के रूप में गिरा। वो 42 रन बनाकर रविन्द्र जडेजा की गेंद पर आउट हुए।
भारत की पहली पारी :
कप्तान विराट कोहली के दोहरे शतक और मुरली विजय के शतक की बदौलत भारत ने पहली पारी में 536 रन बनाकर पारी घोषित की। ओपनर शिखर धवन 23 रन और चेतेश्वर पुजारा 23 रन बनाकर आउट हुए। वहीं मुरली विजय ने टेस्ट करियर का 11वां शतक जड़ा। मुरली 155 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने दूसरे दिन जबर्दस्त दोहरा शतक जड़ा। उन्होंने 243 रन बनाए, हालांकि तिहरा शतक लगाने से चूक गए। रोहित 65, रहाणे 1 और अश्विन 4 रन बनाकर आउट हुए।
जन्मदिन विशेष: टीम इंडिया का वह खिलाड़ी, जिसने एडिलेड में शतक जड़कर बनाया खास रिकॉर्ड
विराट ने की तेंदुलकर और सहवाग की बराबरी :
कप्तान विराट के खाते में एक और डबल सेंचुरी जुड़ गई है। विराट ने नागपुर टेस्ट में भी डबल सेंचुरी जड़ी थी। विराट भारत की ओर से अब छह डबल सेंचुरी जड़ चुके हैं। वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर के साथ विराट भारत की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट डबल सेंचुरी जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।