अयान, वकार और साद का शानदार प्रदर्शन
भोपाल। सेंट माइकल के अयान सलमान (104) के शतक, वकार (छह विकेट) और मयंक क्रिकेट अकादमी के कप्तान साद बग्गड़ (91) ने एमपीसीए द्वारा आयोजित अंडर-18 इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। साईं स्पोर्ट्स मैदान में पहले दिन पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट माइकल अकादमी ने रायसेन के खिलाफ 223 रन बनाए। इसमें अयान के अलावा शादाब 28 रन और मोहित ने 23 रनों की पारी खेली। जवाब में रायसेन की टीम दिन का खेल खत्म होने तक 54 रनों पर आउट हो गई। उनकी ओर से कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। सेंट माइकल की ओर से वकार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 शिकार किए।
साद का अर्धशतक: कप्तान साद बग्गड की महत्वपूर्ण पारी की मदद से मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने आईपीएसी के खिलाफ दो दिनी मैच के पहले दिन 286 रन बनाए। भेल में खेले जा रहे मैच में अरबाजउद्दीन ने 60, संकल्प पटोदिया ने 40 और पृथ्वी राज ने 23 रन की पारी खेली। आईपीसी की ओर से संगम सिंह ने 6 और अलिजर खान ने 4 विकेट लिए। जवाब में आईपीसी टीम ने 25 ओवर में चार विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। इसमें खादिम ने 28 रन बनाए। मयंक से अरबाजउद्दीन, साद बग्गड़, रौनक और शोएब अख्तर ने 1-1 विकेट लिया।

