एनएसटी न्यूज, भोपाल। शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल में आयोजित 18वीं मध्यप्रदेश राज्य रोप स्किपिंग चैम्पियनशिप 2025 खेल प्रतिभाओं के उत्साह और जोश से सराबोर रही। इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य सुधाकर पराशर, रोप स्किपिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट शैलेश शुक्ला, और राजेश बड़गड़े ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता और फिटनेस के प्रति सजगता को बढ़ाती हैं।
प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने कई इवेंट्स में बेहतरीन प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, गति और खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश रोप स्किपिंग एसोसिएशन द्वारा रोप स्किपिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (RSFI) के सहयोग से किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में अनुशासन और टीमवर्क देखने को मिला। निर्णायकों ने प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि रोप स्किपिंग जैसे खेल न केवल फिटनेस के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में भी सहायक हैं।
राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में करेंगे प्रतिनिधित्व
मौके पर घोषणा हुई। जिसमें विजेता खिलाड़ी आगामी 26वीं राष्ट्रीय रोप स्किपिंग चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो 28 से 30 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित की जाएगी। उन्होंने आयोजन समिति और विद्यालय प्रबंधन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

