नई दिल्ली: भारत के दिग्गज क्रिकेट विनोद कांबली बीते कुछ महीनों से काफी दयनीय स्थिति में है। सोशल मीडिया पर उनके कई फोटो और वीडियो वायरल हुए जिसमें वह चलने के लिए भी संघर्ष करते नजर आए। अब दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर उनकी मदद के लिए आगे हैं। उन्होंने खास फाउंडेशन के जरिए विनोद कांबली की मदद के लिए आगे आए हैं।
CHAMPS फाउंडेशन के जरिए मदद करेंगे
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुनील गावस्कर अपने CHAMPS फाउंडेशन के जरिए विनोद कांबली की मदद करेंगे। वह विनोद कांबली को हर महीने 30 हजार रुपए देंगे। यह राशि कांबली को जीवनभर मिलेगी। सिर्फ इतना ही नहीं हर साल मेडिकल खर्चे के लिए कांबली को अलग से 30 हजार रुपए मिलेंगे।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मदद
सुनील गावस्कर का संगठन उन पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मदद करता है, जिन्हें वित्तीय सहायता की जरूरत होती है। गावस्कर ने कुछ दिन पहले ही कांबली की मदद करने की बात कही थी। वहीं वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी कपिल देव ने भी कांबली की आर्थिक मदद करने की बात कही थी। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी विनोद कांबली के करीबी दोस्त हैं लेकिन इस बार उनकी तरफ से ऐसे बयान नहीं आए।
गावस्कर ने की थी मदद की पेशकश
इंडिया टुडे से बातचीत में सुनील गावस्कर ने कहा था कि वह और 1983 विश्व कप विजेता टीम युवा खिलाड़ियों को लेकर बहुत सचेत हैं, जिनमें से कुछ उनके बेटे और पोते जैसे हैं. इसके बाद उन्होंने वादा किया कि वे विनोद कांबली का ख्याल रखना चाहते हैं और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करना चाहते है। विनोद कांबली, सुनील गावस्कर के CHAMPS फाउंडेशन से मदद पाने वाले दूसरे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले पूर्व क्रिकेटर सलीम दुर्रानी को भी ये फाउंडेशन मदद कर चुका है।