नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया और अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया। इस जीत के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बतौर कप्तान विश्व चैंपियन बनते ही उन्होंने एमएस धोनी की बराबरी कर ली, जिन्होंने 2007 में भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताया था।
इतना ही नहीं, सूर्या इस उपलब्धि के साथ पिछले वर्ल्ड कप के विजेता कप्तान रोहित शर्मा से भी आगे निकल गए। वहीं टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी इतिहास रच दिया है। गंभीर अब बतौर खिलाड़ी और बतौर कोच दोनों रूपों में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने 2007 में खिलाड़ी के रूप में यह खिताब जीता था और अब 2026 में कोच के तौर पर भी भारत को विश्व चैंपियन बनाकर एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
सूर्या की कप्तानी में भारत चैंपियन, रोहित से आगे और धोनी की बराबरी
रोहित शर्मा ने भारत के लिए 2024 में बतौर कप्तान टी20 वर्ल्ड कप जीता था। रोहित का बतौर कप्तान वह दूसरा टी20 वर्ल्ड कप था। जबकि सूर्यकुमार यादव ने बतौर कप्तान अपने पहले वर्ल्ड कप में ही खिताब जीत लिया है। इस मामले में सूर्यकुमार यादव रोहित से आगे निकले। वहीं एमएस धोनी ने भी साल 2007 में बतौर कप्तान अपने पहले सीजन में ही खिताब जीता था। यानी अब सूर्या इस मामले में धोनी के बराबर पहुंच गए हैं। सूर्यकुमार यादव टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद टीम के कप्तान बने थे और तब से वह एक भी सीरीज नहीं हारे थे। साथ ही एशिया कप उन्होंने जीता और अब अपनी कप्तानी में टीम को वर्ल्ड चैंपियन बना दिया।
विश्व कप जीत के साथ भारत ने रचे तीन नए वर्ल्ड रिकॉर्ड
टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। भारत टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया है। इसके साथ ही भारतीय टीम लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भी पहली टीम बन गई। इतना ही नहीं, घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला भी भारत पहला देश बन गया है। पुरुष क्रिकेट में यह भारत की लगातार तीसरी आईसीसी ट्रॉफी है। 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद से भारतीय टीम ने किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट में हार का सामना नहीं किया है और लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए नए-नए रिकॉर्ड बना रही है।

