नई दिल्ली : भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज़ के अंतिम मैच में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चोट लगने के बाद उन्हें सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वे कुछ समय तक आईसीयू में रहे। 1 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई, लेकिन वे अब भी सिडनी में ही मेडिकल जांच और निगरानी के लिए रुके हुए हैं। हाल ही में अय्यर ने इस गंभीर चोट के बाद पहली बार अपनी एक तस्वीर साझा की है। हालांकि, उनके साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज़ में खेलने को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है।
श्रेयस अय्यर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए बीच पर रिलैक्स करने के पल को शेयर किया। इस तस्वीर में अय्यर के साथ एक और शख्स नजर आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अय्यर ने अपनी स्टोरी में लिखा कि, सूरज की किरणें एक थेरेपी की तरह हैं। साथ ही उन्होंने सभी फैंस और भारतीय क्रिकेट फैंस का रिकवरी के दौरान प्यार जताने के लिए भी धन्यवाद अदा किया।
क्या श्रेयस अय्यर साउथ अफ्रीका सीरीज में करेंगे धमाकेदार वापसी?
आपको बता दें कि भारतीय टीम को 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में श्रेयस अय्यर की वापसी पर अभी सस्पेंस है। उनकी पसलियों में गंभीर चोट आई थी और इंटर्नल ब्लीडिंग भी हुई थी। इस कारण वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थे। उनकी इस चोट के बाद यह भी कहा जा रहा था कि वह तकरीबन दो महीने तक टीम से बाहर रहे सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के हवाले से जानकारी मिली कि अभी अय्यर मैच फिट नहीं हैं और इसमें वक्त लगेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,”उन्हें अभी पूरी तरह से मैच फिट होने में समय लगेगा और बोर्ड भी उनकी चोट से रिकवरी में कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता है। उनके साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने पर संशय है।” यानी जनसत्ता ने भी जो रिपोर्ट पहले की थी कि अय्यर की वापसी अब सीधे न्यूजीलैंड सीरीज या उसके बाद हो पाएगी उसके भी आसार साफ हैं।
इस समय श्रेयस अय्यर रिकवरी की प्रक्रिया में हैं और उनके हालिया सोशल मीडिया पोस्ट से साफ झलकता है कि वे पहले से काफी बेहतर और सहज महसूस कर रहे हैं। अब सवाल यह है कि वह इस गंभीर चोट से कितनी जल्दी उबरकर दोबारा भारतीय टीम में वापसी कर पाएंगे। अगर उनकी रिकवरी में लगभग दो महीने का समय लगता है, तो साउथ अफ्रीका सीरीज में उनका खेलना मुश्किल दिख रहा है, हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज तक उनकी वापसी संभव मानी जा रही है।
दक्षिण अफ्रीका सीरीज़ के बाद भारतीय टीम को लगभग एक महीने तक कोई वनडे मैच नहीं खेलना है। 6 दिसंबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी वनडे के बाद, भारत 11 से 18 जनवरी के बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ खेलेगा। इसी सीरीज़ में श्रेयस अय्यर की संभावित वापसी देखी जा सकती है, हालांकि यह पूरी तरह उनकी फिटनेस और रिकवरी की गति पर निर्भर करेगा। उनके हालिया पोस्ट से अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि वे अभी तक भारत नहीं लौटे हैं। बीसीसीआई की ओर से उनकी सेहत को लेकर अगला आधिकारिक अपडेट आने का इंतज़ार किया जा रहा है।

