नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को भी क्रिकेट प्रेमियों को भरपूर रोमांच देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट अब अपने चौथे दिन में कदम रख चुका है, जहां लगातार तीन मुकाबले खेले जा रहे हैं और इस दिन भी कुल तीन मैच आयोजित किए जाएंगे। नीदरलैंड्स के खिलाफ बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद अब पाकिस्तान की टीम अपने दूसरे मैच के लिए मैदान पर उतरेगी। ऐसे में आइए जान लेते हैं कि ये तीनों मैच कब और किस मैदान पर खेले जाएंगे, साथ ही उनके समय पर भी नजर डालते हैं, ताकि आप अपने पसंदीदा मुकाबले को देखने से चूक न जाएं।
आईसीसी विश्व कप में चौथे दिन का आगाज नीदरलैंड्स बनाम नामिबिया मैच से होगा। नीदरलैंड्स ने अपने पिछले मैच में पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दी थी और लगा रहा था कि वे मैच जीत जाएंगे, लेकिन अपनी ही गलती से वे मैच हार गए। नीदरलैंड्स बनाम नामिबिया मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मैच सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगा।
इसके बाद आएगी दूसरे मैच की बारी। इसमें यूएई यानी संयुक्त अरब अमीरात की टीम न्यूजीलैंड के सामने होगी। ये मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होना है और इसका वक्त दोपहर तीन बजे से रहेगा। देखना होगा कि न्यूजीलैंड और यूएई की टीमें कैसा खेल दिखाती हैं। इसके बाद दिन का आखिरी मैच कोलंबो में खेला जाएगा। इसमें पाकिस्तान का मुकाबला यूएसए से होगा। ये एक बड़ा और अहम मुकाबला होगा। इससे पहले जब साल 2024 में पाकिस्तान और यूएसए की टीमें टी20 विश्व कप में आमने सामने आई थीं, तब यूएसए ने पाकिस्तान को पीटकर उलटफेर किया था।
इस बार यूएसए की टीम ये आत्मविश्वास लेकर मैदान में उतरने जा रही है कि वे पाकिस्तान को फिर से हरा सकते हैं। यूएसए की टीम ने भारत के खिलाफ खेले गए पहले मैच में कमाल का खेल दिखाया था। टीम इंडिया को एक वक्त अमेरिका ने बैकफुट पर ला दिया था, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की एक जुझारू पारी ने उन्हें हरा दिया। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ यूएसए की टीम कैसा प्रदर्शन करेगी, ये देखना काफी दिलचस्प होगा।
इस बीच एक बार फिर आपको याद दिला दें कि टी20 वर्ल्ड कप से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर की खास कवरेज इंडिया टीवी हिंदी की वेबसाइट पर लगातार जारी है। यहां आप टूर्नामेंट की लेटेस्ट स्टोरी, हर मुकाबले का लाइव स्कोर, हिंदी कमेंट्री के साथ-साथ ताजा अंक तालिका भी देख सकते हैं। इसलिए इस पेज पर जरूर विजिट करें, जहां आपको सारी जरूरी जानकारी एक ही जगह मिल जाएगी और कहीं और जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

