नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने वाली यही टीम टी20 वर्ल्ड कप में भी मैदान पर उतरती नजर आएगी। इस भारतीय स्क्वाड में 4 ऑलराउंडर शामिल किए गए हैं, जबकि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी के लिए संजू सैमसन और इशान किशन को चुना गया है।
इसमें कोई शक नहीं है कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए जो टीम चुनी गई है वो काफी संतुलित नजर आ रही है और टीम के पास अपने खिताब को डिफेंड करने की पूरी क्षमता है। भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में इस भारतीय टीम को हराया किसी भी टीम के लिए आसान तो कतई नहीं होने वाला है।
गिल के बाहर होते ही संजू के लिए ओपनिंग का रास्ता साफ
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत एक मजबूत प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतर सकता है, जिसमें अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालते नजर आ सकते हैं। शुभमन गिल के टीम से बाहर होने के बाद संजू के लिए रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है और वह लगातार टीम के लिए ओपन करते हुए दिखाई दे सकते हैं। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी क्रम में सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी शामिल होंगे।
भारतीय टीम की स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा वरुण चक्रवर्ती के साथ मिलकर अक्षर पटेल संभालते नजर आएंगे। वहीं तेज गेंदबाजी की अगुवाई जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह करेंगे। इसके अलावा हार्दिक पंड्या टीम के तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर अहम भूमिका निभाएंगे, जो अपनी प्रभावी गेंदबाजी से टीम को अतिरिक्त और मजबूत विकल्प प्रदान करते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।

