नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान शनिवार (20 दिसंबर) को कर दिया गया। टीम चयनकर्ताओं ने एक चौंकाने वाला निर्णय लेते हुए शुभमन गिल को टीम से बाहर कर दिया है। साथ ही जितेश शर्मा को भी टीम में जगह नहीं मिली। वहीं, इशान किशन और रिंकू सिंह को दोबारा टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा, अक्षर पटेल को फिर से उपकप्तान के पद पर नियुक्त किया गया है।
गिल की एशिया कप 2026 के दौरान भारत की टी20 टीम में उपकप्तान के तौर पर वापसी हुई थी। गिल को 15 मैच में मौके मिले, लेकिन वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। उनको जगह देने के लिए भारतीय टीम को संजू सैमसन को मिडिल ऑर्डर में मौका दिया गया। इसके बाद उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर बैठना पड़ा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में गिल के चोटिल होने पर संजू को बतौर ओपनर मौका मिला। उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की। भारतीय टीम ने 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया। अगले ही दिन गिल को टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर कर दिया गया।
शुभमन गिल की जगह टीम में शामिल किए गए इशान किशन ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था और उन्हें संजू सैमसन का उपयुक्त विकल्प माना जा रहा है। वहीं, रिंकू सिंह को जितेश शर्मा की जगह टीम में शामिल किया गया क्योंकि विदर्भ का विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की तरह बल्लेबाजी नहीं कर सकता। इसके अलावा, रिंकू का फिनिशर के तौर पर बेहतरीन रिकॉर्ड उन्हें टीम के लिए एक मजबूत विकल्प बनाता है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।

