27.8 C
New Delhi
Friday, March 13, 2026

टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी को झटका, वाशिंगटन सुंदर एनजेड सीरीज से हुए बाहर

नई दिल्ली : भारतीय टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जिसकी शुरुआत वनडे सीरीज के तुरंत बाद होगी। तमिलनाडु के इस खिलाड़ी को साइड स्ट्रेन की समस्या के चलते पहले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वनडे से बाहर रहना पड़ा था। अब उनका टी20 सीरीज से भी बाहर होना तय माना जा रहा है, जो टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत की आखिरी द्विपक्षीय सीरीज होगी।

वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले वनडे के दौरान वाशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी। स्कैन के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें कुछ हफ्तों तक आराम करने की सलाह दी। हालांकि शुरुआत में उनके टी20 सीरीज खेलने की संभावना थी, लेकिन माना जा रहा है कि डॉक्टरों ने सुंदर को दो हफ्ते का पूरा आराम लेने को कहा है। इसके बाद वह अगले सप्ताह अपनी रिकवरी प्रक्रिया शुरू करने के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का रुख करेंगे।

टी20 वर्ल्ड कप से पहले कोई जोखिम नहीं लेना चाहती टीम इंडिया

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वाशिंगटन टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इस वजह से टीम मैनेजमेंट उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में खिलाने का जोखिम नहीं उठाना चाहता। शुरुआत में उम्मीद थी कि वाशिंगटन सीरीज के बाद के मैचों में खेल सकते हैं। हालांकि, वह इस सीरीज में नहीं खेलेंगे, लेकिन इस बात की संभावना है कि टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए वह बाद में टीम से जुड़ सकते हैं।

वाशिंगटन सुंदर की चोट पर बीसीसीआई का ताज़ा अपडेट

बीसीसीआई ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि रविवार को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय वाशिंगटन सुंदर को बाईं ओर निचली पसली में अचानक तेज दर्द महसूस हुआ। मैच के बाद भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा से सुंदर की चोट को लेकर सवाल किया गया, जिस पर उन्होंने बताया कि वाशिंगटन को साइड स्ट्रेन की समस्या है। राणा ने कहा कि बल्लेबाजी के दौरान उन्हें काफी दर्द हो रहा था और अब मेडिकल टीम उनकी जांच कर आगे की जानकारी देगी।

चोटों से जूझता रहा है वाशिंगटन सुंदर का करियर

वाशिंगटन सुंदर ने मैच में केवल पांच ओवर गेंदबाजी की और चोट लगने के बाद मैदान छोड़कर बाहर चले गए। हालांकि, जब भारतीय मिडिल ऑर्डर दबाव में आ गया, तो वह बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने सात गेंदों में सात रन बनाए और केएल राहुल के साथ अहम साझेदारी निभाई, जिससे भारत को पहला वनडे मुकाबला जीतने में मदद मिली। 2017 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से चोटों के चलते वाशिंगटन 2021 और 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले सके थे। यह पहला मौका है जब उन्हें वर्ल्ड कप टीम में चुना गया है। उल्लेखनीय है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम के सदस्य तिलक वर्मा भी इस समय चोट से जूझ रहे हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles