अहमदाबाद।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की करारी हार झेलनी पड़ी। यह T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों के अंतर से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है। डेविड मिलर की अर्धशतकीय पारी और साउथ अफ्रीका के गेंदबाज़ों के सामूहिक प्रदर्शन ने भारत को मुकाबले में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए। डेविड मिलर ने 35 गेंदों में 63 रन की अहम पारी खेली। उनके साथ डेवाल्ड ब्रेविस (45) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 44) ने स्कोर को मज़बूत किया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लेकर कुछ हद तक संघर्ष दिखाया।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही ईशान किशन खाता खोले बिना आउट हो गए, तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा भी जल्दी पवेलियन लौटे। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर 3 विकेट पर महज़ 31 रन था, जिससे दबाव लगातार बढ़ता चला गया।
मध्यक्रम में कोई ठोस साझेदारी नहीं बन सकी। शिवम दुबे ने 42 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन ने 4 विकेट झटके, जबकि केशव महाराज को 3 सफलता मिलीं। भारत की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 में मजबूत शुरुआत की, जबकि भारत को आगे के मुकाबलों में वापसी के लिए रणनीति और प्रदर्शन दोनों में बड़ा सुधार करना होगा।

