लखनऊ: तन्वी शर्मा, उन्नति हुड्डा और किदांबी श्रीकांत ने सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। महिला एकल में 16 साल की तन्वी ने हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी को सीधे गेम में 21-13, 21-19 से मात दी। केवल 38 मिनट में जीत दर्ज करते हुए तन्वी ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
जापान की पूर्व विश्व चैंपियन नोज़ोमी ओकुहारा को हराने के बाद तन्वी अब सेमीफाइनल में जापान की ही पांचवीं वरीय हिना अकेची से भिड़ेंगी, जिन्होंने अपने क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीय सुंग शुओ युन को 21-8, 21-15 से आसानी से हराया। उन्नति हुड्डा के लिए क्वार्टर फाइनल चुनौती थोड़ी कठिन रही, जहां हमवतन रक्षिता श्री संतोष आर ने उन्हें कड़ी टक्कर दी, लेकिन उन्नति ने धैर्य बनाए रखते हुए 21-15, 13-21, 21-16 से जीत अपने नाम की। सेमीफाइनल में उन्नति का सामना चौथी वरीय नेसलीहान एरिन से होगा, जिन्होंने एक अन्य भारतीय खिलाड़ी इशारानी बरुआ को 21-19, 13-21, 21-15 से मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई।
पुरुषों के एकल में श्रीकांत ने प्रियांशु राजावत के 21-14, 11-4 के स्कोर पर रिटायर होने से सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब श्रीकांत का सामना मिथुन मंजूनाथ से होगा जिन्होंने आखिरी आठ में मनराज सिंह को 21-18, 21-13 से शिकस्त दी। पुरुषों में शीर्ष वरीय सिंगापुर के जेसन तेह को जापान के मिनोरू कोगा से एक घंटे और पांच मिनट में 19-21, 21-12, 20-22 से हार का मुंह देखना पड़ा। जापान के कोगा अब सेमीफाइनल में हांगकांग के जेसन गुनावान से भिड़ेंगे।
महिला युगल में शीर्ष वरीयता प्राप्त गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली की भारतीय जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तुर्की की पांचवीं वरीय एर्सेटिन और नाज़लिकन इंसी की जोड़ी को 21-15, 21-16 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं मिश्रित युगल में त्रिसा जॉली और हरिहरन अम्साकारुनन की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की अंदिका रामादियांस्याह और नोजोमी शिमिज़ु को 21-18, 21-14 से हराकर अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की।

