32.6 C
New Delhi
Thursday, March 12, 2026

इतिहास रचती टीम इंडिया: पहली बार प्रतिष्ठित अवॉर्ड की रेस में महिला टीम

नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए साल 2025 बेहद यादगार रहा। पिछले साल कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। उस ऐतिहासिक जीत के बाद अब भारतीय महिला टीम ने एक और बड़ा कारनामा कर दिखाया है।

वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतने के लिए टीम इंडिया को लॉरेस स्पोर्ट के प्रतिष्ठित साल की बेस्ट टीम अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। लॉरेस स्पोर्ट ने 3 मार्च को इसकी आधिकारिक पुष्टि की। खास बात यह है कि भारतीय टीम इस अवॉर्ड के लिए नामित होने वाली पहली महिला क्रिकेट टीम बन गई है।

इसके अलावा, भारतीय महिला टीम ने वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था, जिसने इस उपलब्धि को और खास बना दिया।

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम को इंग्लैंड की महिला फुटबॉल टीम, यूरोपीय राइडर कप टीम, फ्रांस की फुटबॉल लीग की टीम पेरिस सेंट जर्मेन और मैकलारेन फॉर्मूला वन टीम जैसी बड़ी टीमों के साथ नामित किया गया है। अब देखना ये होगा कि उनकी टीम इस अवॉर्ड को अपने नाम कर पाती है या नहीं। लॉरेस स्पोर्ट ने प्रेस रिलीज में कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रिकेट वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य (339) को हासिल किया। इसके बाद टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला खिताब जीता और इस पुरस्कार के लिए नामित होने वाली पहली महिला क्रिकेट टीम है।

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने इस खास मौके पर कहा कि भारतीय महिला टीम की जीत देश के क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र में एक अहम पल था। सैकिया ने कहा वर्ल्ड कप 2025 की जीत ना केवल टीम के लिए बल्कि हमारे देश के पूरे क्रिकेट पारिस्थतिकी तंत्र के लिए एक अहम पल था। उन्होंने कहा कि यह लॉरेस नामांकन उनकी कामयाबी के वैश्विक असर को दिखाता है। टीम ने युवा लड़कियों की एक नई पीढ़ी को क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित किया है और हम उन नींव और सहयोग प्रणाली को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो आने वाले वर्षों तक इस कामयाबी को बनाए रखेंगे।

बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भारतीय महिला टीम के लॉरेस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह नामांकन महिला टीम की कड़ी मेहनत, समर्पण और लगातार बेहतर होते प्रदर्शन को साफ तौर पर दर्शाता है।

मन्हास ने आगे कहा कि वैश्विक खेल जगत की कुछ सबसे मशहूर टीमों के साथ पहचान मिलना, न सिर्फ खिलाड़ियों की मेहनत का सम्मान है बल्कि भारत में महिला क्रिकेट के तेजी से बढ़ते कद को भी दिखाता है।

इसके साथ ही भारतीय महिला टीम अब उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों के खास समूह में शामिल हो गई है, जिन्हें पुरुष लॉरेस वर्ग में नामांकन मिल चुका है। इस सूची में विनेश फोगाट (2019), नीरज चोपड़ा (2022) और ऋषभ पंत (2025) जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles