एनएसटी न्यूज, भोपाल। द ओरिएंटल स्कूल, भोपाल द्वारा आयोजित सीबीएसई नेशनल हॉकी बॉयज चैम्पियनशिप के चौथे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। अंडर-14 आयु वर्ग में ओपी जिंदल स्कूल रायगढ़ (छत्तीसगढ़) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल गांव पब्लिक स्कूल प्रयागराज को 7–0 के बड़े अंतर से हराया। दिन के दूसरे मुकाबले में सतचीतनंद स्कूल (तमिलनाडु) ने एसएमएस दत्त मेमोरियल स्कूल (उत्तराखंड) को 12–0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। तीसरे मैच में एसजीजीएस खालसा स्कूल (अमृतसर) ने इंडियन स्कूल (ओमान) को 5–0 से हराकर शानदार जीत हासिल की। इसके मुकाबले साइ सेंटर भोपाल में में खेले जा रहे हैं।
अंडर-17 में ओपी जिंदल स्कूल की शानदार जीत
अंडर-17 वर्ग में ओपी जिंदल स्कूल (छत्तीसगढ़) ने कछुवा क्रिश्चियन स्कूल को 3–0 से हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं सतचीतनंद स्कूल (तमिलनाडु) ने इस वर्ग में भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए लगातार जीत दर्ज की है, जिससे वह खिताब के प्रबल दावेदारों में शामिल हो गई है। खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए टीमवर्क और फिटनेस का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।
अंडर-19 वर्ग में डीपीएस बरेली ने दिखाया दम
अंडर-19 आयु वर्ग के मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बरेली ने बिरला शिशु विहार, पिलानी (राजस्थान) को 3–0 से पराजित किया। इस जीत के साथ डीपीएस बरेली और ओपी जिंदल स्कूल रायगढ़ ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। टूर्नामेंट के आयोजक द ओरिएंटल स्कूल भोपाल ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से आई टीमों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। दर्शकों ने पूरे दिन रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

