नई दिल्ली : क्रिकेट का खेल धीरे-धीरे पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है और अब मैचों की संख्या भी बढ़ गई है। इसी वजह से रोज नए रिकॉर्ड बन रहे हैं और टूट रहे हैं। हाल ही में भूटान और म्यांमार के बीच टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया, जिसमें भूटान ने 82 रनों से जीत दर्ज की। भूटान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 127 रन बनाए, जिसके जवाब में म्यांमार की टीम सिर्फ 45 रनों पर ढेर हो गई। भूटान के लिए सोनम येशे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में 8 विकेट चटकाए।
भूटान के सोनम येशे ने T20I में झटके 8 विकेट
22 साल के सोनम येशे ने म्यांमार के खिलाफ T20I मैच में कमाल का प्रदर्शन किया। अपने चार ओवर में उन्होंने केवल 7 रन खर्च करते हुए 8 विकेट चटकाए। म्यांमार के बल्लेबाज उनकी गेंदबाजी का सामना नहीं कर पाए। इस प्रदर्शन के साथ सोनम येशे एक टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए और उन्होंने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया।
सोनम येशे से पहले पुरुष टी20 इंटरनेशनल मैच में सिर्फ 2 बॉलर्स ने 7-7 विकेट झटके थे। मलेशिया के स्याजरुल इद्रस ने चीन के खिलाफ खेलते हुए साल 2023 में T20I मैच में 7 विकेट झटके थे। बहरीन के अली दाऊद ने भूटान के खिलाफ T20I मैच में 7 विकेट चटकाए थे। अब सोनम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इन दोनों गेंदबाजों को पीछे कर दिया है।
T20I में नामगांग चेजय की शानदार पारी, अर्धशतक जड़ा
मैच में भूटान की टीम के लिए नामगांग चेजय ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 45 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था। इसके अलावा, नामगे थिनले ने 22 गेंदों में 27 रन जोड़े, जबकि ताशी डोर्जी ने 17 रन बनाए। इन खिलाड़ियों के योगदान की वजह से भूटान की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 127 रन तक पहुंचने में सफल रही।
म्यांमार के केवल दो बल्लेबाज ही दोहरे अंक में पहुंचे
इसके बाद म्यांमार के किसी भी बल्लेबाज ने खास प्रदर्शन नहीं किया और पूरी टीम सिर्फ 45 रनों पर ढेर हो गई। म्यांमार के लिए हेट लिन ऊ ने 12 रन और प्याए फ्यो वाई ने 10 रन बनाए। इन दोनों खिलाड़ियों को छोड़कर बाकी कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच पाया। सोनम येशे की शानदार गेंदबाजी के आगे म्यांमार के बल्लेबाज टिक नहीं पाए।

