नई दिल्ली: पंजाब में सोमवार, 15 दिसंबर 2025 को कबड्डी का मैदान उस समय कत्लगाह में बदल गया, जब यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीम हो रहे एक टूर्नामेंट के दौरान सेल्फी लेने के बहाने हमलावरों ने कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। सैकड़ों दर्शकों और खिलाड़ियों की मौजूदगी में हुई इस सनसनीखेज वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में लोग गोलियों की आवाज को पटाखे समझते रहे, लेकिन जब राणा खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े, तब हकीकत सामने आई।
गंभीर रूप से घायल राणा को तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और उन्होंने बेहद नजदीक से चार से पांच गोलियां चलाईं, जिनमें से अधिकांश सिर और चेहरे पर लगीं। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद कर लिए हैं और मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस हत्या के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग गैंगों की ओर से जिम्मेदारी लेने वाले पोस्ट सामने आए, जिनमें इसे पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जोड़कर बदले की कार्रवाई बताया गया। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन गैंगस्टर रंजिश, पुरानी दुश्मनी और संगठित अपराध के एंगल से जांच तेज कर दी गई है।
घटना ने पंजाब में खेल आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर फिर सियासी घमासान छिड़ गया है, जहां विपक्षी दलों ने सरेआम गोलीबारी को सरकार की नाकामी बताते हुए तीखा हमला बोला है।
सेल्फी के बहाने कबड्डी खिलाड़ी पर बरसाईं गोलियां
पुलिस के अनुसार, यह वारदात मोहाली के सोहाना इलाके में चल रहे 29वें सोहाना कबड्डी कप के अंतिम दिन हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो से तीन हमलावर मोटरसाइकिल पर आए थे। उन्होंने खुद को राणा का फैन बताया और सेल्फी लेने के बहाने उनके बेहद करीब पहुंचे। जब तक राणा कोई खतरा महसूस करते हमलावरों ने पिस्टल निकालकर बेहद करीब से गोलियां चला दीं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चार से पांच गोलियां सीधे राणा के चेहरे और शरीर के ऊपरी हिस्से में लगीं। वारदात के बाद हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की, ताकि मौके पर मौजूद करीब 500 से 600 लोगों में दहशत फैल जाए और वे आसानी से फरार हो सकें। पुलिस को घटनास्थल से 0.32 बोर के कई खाली कारतूस बरामद हुए हैं।
यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीम हो रहा था कबड्डी टूर्नामेंट
यह हमला उस समय हुआ, जब टूर्नामेंट यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीम किया जा रहा था। वीडियो में गोलियों की आवाज सुनते ही खिलाड़ी और दर्शक इधर-उधर भागते नजर आए। शुरुआती पलों में कई लोगों को लगा कि आतिशबाजी हो रही है, लेकिन कुछ ही सेकंड में माहौल पूरी तरह बदल गया और स्टेडियम में चीख-पुकार व भगदड़ मच गई।
मूसेवाला केस से जोड़कर देख रही है पुलिस जांच
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हत्या के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग गैंगों की ओर से पोस्ट सामने आए, जिनमें इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। इन पोस्ट्स में राणा बलाचौरिया की हत्या को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जोड़ते हुए बदले की कार्रवाई बताया गया। दावा किया गया कि राणा का संबंध कुख्यात गैंगस्टरों लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया से था और उन्होंने मूसेवाला के हत्यारों को पनाह दी थी।
मोहाली पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स की सत्यता की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस गैंगस्टर रंजिश, पुरानी दुश्मनी और संगठित अपराध समेत सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
SSP का बयान: यह टारगेटेड अटैक का मामला
मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित और टारगेटेड प्रतीत होता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।
हाल ही में हुई थी शादी, खेल जगत में बना था खास नाम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राणा बलाचौरिया की हाल ही में 4 दिसंबर को शादी हुई थी। वह केवल कबड्डी खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि टूर्नामेंट प्रमोटर भी थे और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पहचाने जाते थे। बताया जा रहा है कि वह अगले महीने अपनी टीम को बहरीन ले जाने की तैयारी में भी थे। मूल रूप से बलाचौर के रहने वाले राणा पिछले कुछ समय से मोहाली में रह रहे थे और मॉडलिंग व एक्टिंग से भी जुड़े हुए थे।
विपक्ष का AAP पर हमला
इस सनसनीखेज हत्या के बाद पंजाब की राजनीति भी गरमा गई। विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने कहा कि पंजाब में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब खेल के मैदान भी सुरक्षित नहीं रहे। कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इसे सरकार की ‘पूरी तरह नाकामी’ करार दिया, जबकि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सरेआम फायरिंग कानून-व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का सबूत है। भाजपा नेताओं ने भी इसे ‘गैंगस्टर राज’ बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा।
पहले भी हमलों का शिकार हो चुके हैं कबड्डी खिलाड़ी
यह पहली बार नहीं है जब कबड्डी से जुड़े किसी व्यक्ति की इस तरह हत्या हुई हो। इससे पहले जालंधर में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संदीप नांगल अंबियां और हाल ही में जगराओं में कबड्डी खिलाड़ी तेजा सिंह को गोली मारकर हत्या किया जा चुका है। इन घटनाओं ने पंजाब में खेल और खिलाड़ियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच जारी है। वहीं, यह वारदात पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर गई है।

