नई दिल्ली: द हंड्रेड मेंस 2025 के दूसरे मुकाबले में बुधवार (6 अगस्त) को सदर्न ब्रेव ने मैनचेस्टर ओरिजनल्स को 1 विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन डेब्यू पर पूरी तरह फ्लॉप रहे। न तो वह कोई विकेट ले पाए और न ही रन रोक सके। 132 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सदर्न ब्रेव की हालत नाजुक थी और टीम को 11 गेंदों में 26 रन की जरूरत थी, लेकिन क्रेग ओवर्टन और टाइमल मिल्स की बहादुरी भरी पारियों की बदौलत टीम ने एक रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से जीत दर्ज की। ओवर्टन और मिल्स ने 9वें विकेट के लिए 11 गेंद पर 25 रन की साझेदारी की। मिल्स 98वीं गेंद पर 4 गेंद पर 8 रन बनाकर आउट हुए। सदर्न ब्रेव को 2 गेंद पर 3 रन चाहिए थे। रीस टॉप्ले ने 99वीं गेंद पर चौका जड़ दिया। ओवर्टन 8 गेंद पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 18 रन बनाकर नाबाद रहे। सदर्न ब्रेव की ओर से जेसन रॉय ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। ल्यूस डू प्लॉय vs 25 रन बनाए। लॉरी इवांस ने 13 रन की पारी खेली।
डेब्यू पर जेम्स एंडरसन का फीका प्रदर्शन
मैनचेस्टर ओरिजनल्स के लिए गेंदबाजी में स्कॉट करी सबसे सफल रहे, जिन्होंने 20 गेंदों में 28 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा नूर अहमद ने 20 गेंदों पर 21 रन देकर 2 विकेट और सोनी बेकर ने 20 गेंदों में 26 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। लुईस जॉर्जी ने भी 14 गेंदों में 10 रन देकर 1 विकेट लिया। हालांकि, जेम्स एंडरसन और फरहान अहमद को कोई सफलता नहीं मिली। एंडरसन ने अपने कोटे की 20 गेंदों में 26 रन लुटाए, जबकि फरहान ने 5 गेंदों में 8 रन दिए।
सॉल्ट का अर्धशतक बेकार गया, टीम को नहीं दिला सके जीत
इससे पहले मैनचेस्टर ओरिजनल्स की ओर से कप्तान फिल साल्ट ने 41 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से शानदार 60 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। जोस बटलर ने 18 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि हेनरिक क्लासेन 16 गेंदों पर 15 रन ही बना सके। मैथ्यू हर्स्ट महज 2 रन बनाकर आउट हो गए। अंत में मार्क चैपमैन 22 रन और लुईस ग्रेगोरी 6 रन बनाकर नाबाद लौटे। ओरिजनल्स ने 4 विकेट पर 131 रन बनाए। ब्रेव के लिए टायमल मिल्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 गेंदों पर 22 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं क्रेग ओवर्टन ने 28 रन देकर 1 विकेट लिया।

