नई दिल्ली: WPL 2026 के लिए मेगा ऑक्शन दिल्ली में आयोजित किया गया, जहां पांच टीमें खिलाड़ियों को खरीदने के लिए बिडिंग में जुटीं। इस दौरान भारतीय टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पर खूब पैसों की बोली लगी। अंततः यूपी वॉरियर्स ने राइट टू मैच का इस्तेमाल करते हुए उन्हें अपनी टीम में शामिल किया।
यूपी वॉरियर्स में शामिल हुईं दीप्ति शर्मा
WPL 2026 मेगा ऑक्शन के लिए दीप्ति शर्मा ने अपना बेस प्राइज 50 लाख रुपए रखा था। ऑक्शन में सबसे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने उनके लिए 50 लाख रुपए की बोली लगाई, जो उस समय दीप्ति के लिए एकमात्र बोली थी। इसके बाद यूपी वॉरियर्स ने राइट टू मैच (RTM) का इस्तेमाल करते हुए उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश की। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने 3.2 करोड़ रुपए की बोली लगाई, जिसे यूपी वॉरियर्स ने स्वीकार कर लिया। इस तरह दीप्ति शर्मा 3.2 करोड़ रुपए में यूपी वॉरियर्स की टीम में शामिल हो गईं।
जब किसी भी खिलाड़ी के लिए ऑक्शन में कोई टीम बोली लगाती है और अगर उसकी पुरानी टीम प्लेयर को दोबारा हासिल करना चाहती है, तो वह राइट टू मैच (RTM) का इस्तेमाल कर सकती है। इसके बाद बोली लगाने वाली टीम खिलाड़ी की पुरानी टीम को एक कीमत देती है, जिसे पुरानी टीम स्वीकार भी कर सकती है और मना भी कर सकती है।
पहले भी यूपी वॉरियर्स की टीम में खेल चुकीं दीप्ति शर्मा
दीप्ति शर्मा WPL के पहले सीजन से यूपी वॉरियर्स की टीम से खेल रही हैं और उन्होंने अभी तक WPL में कुल 25 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 507 रन बनाए हैं। इसके अलावा 27 विकेट भी चटकाए हैं।
महिला वर्ल्ड कप 2025 में कमाल दिखाया
दीप्ति शर्मा पिछले कुछ समय से बेहतरीन फॉर्म में हैं और उन्होंने भारतीय टीम को महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस टूर्नामेंट में उन्होंने महत्वपूर्ण मौकों पर टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में दीप्ति ने 215 रन बनाए और दो विकेट लिए, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड भी मिला। फाइनल में, साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 58 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। इसके अलावा गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल किया और 9.3 ओवर में कुल पांच विकेट झटके।
सोल्ड खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
1. सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड)- 2 करोड़ रुपये, गुजरात जायंट्स
2. दीप्ति शर्मा- 3.2 करोड़ यूपी वॉरियर्स (RTM)
3. एमेलिया केर (न्यूजीलैंड)- 3 करोड़ रुपये, मुंबई इंडियंस (RTM)
4. रेणुका सिंह- 60 लाख रुपये, गुजरात जायंट्स
5. सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड)- 85 लाख रुपये, यूपी वॉरियर्स
6. मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया)- 1.9 करोड़ रुपये, यूपी वॉरियर्स
7. लॉरा वोलवार्ट (साउथ अफ्रीका)- 1.1 करोड़ रुपये, दिल्ली कैपिटल्स
8. भारती फूलमाली- 70 लाख रुपये, गुजरात जायंट्स (RTM)
9. फीबी लिचफील्ड (ऑस्ट्रेलिया)- 1.2 करोड़ रुपये, यूपी वॉरियर्स
10. जॉर्जिया वॉल (ऑस्ट्रेलिया)- 60 लाख रुपये, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
11. किरण नवगिरे- 60 लाख रुपये, यूपी वॉरियर्स (RTM)
12. चिनेल हेनरी (वेस्टइंडीज)- 1.30 करोड़ रुपये, दिल्ली कैपिटल्स
13. श्री चरणी-1.30 करोड़ रुपये, दिल्ली कैपिटल्स
14. नादिन डिक्लर्क (साउथ अफ्रीका)- 65 लाख रुपये, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
15. स्नेह राणा- 50 लाख रुपये, दिल्ली कैपिटल्स
16. राधा यादव- 65 लाख रुपये, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
17. हरलीन देओल- 50 लाख रुपये, यूपी वॉरियर्स
18. लिजेल ली (साउथ अफ्रीका)- 30 लाख रुपये, दिल्ली कैपिटल्स
19. लॉरेन बेल (इंग्लैंड)- 90 लाख रुपये, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
20. क्रांति गौड़- 50 लाख रुपये, यूपी वॉरियर्स (RTM)
21. शबनम इस्माइल (साउथ अफ्रीका)- 60 लाख रुपये, मुंबई इंडियंस
22. तितास साधु- 30 लाख रुपये, गुजरात जायंट्स
महिला प्रीमियर लीग (WPL) के मेगा ऑक्शन में इस बार कुल 277 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जा रही है। इनमें 194 भारतीय और 83 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 4 एसोसिएट देशों की भी प्लेयर्स मौजूद हैं। दिलचस्प बात यह है कि लिस्ट में 155 खिलाड़ी अनकैप्ड हैं, यानी जिन्होंने अभी तक इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं।
हालांकि ऑक्शन में इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ी जरूर हैं, लेकिन टीमें कुल मिलाकर केवल 73 खिलाड़ियों को ही खरीद सकती हैं, जिनमें 23 विदेशी खिलाड़ियों की सीमा निर्धारित है। सभी 5 टीमों के पर्स में मिलाकर केवल 41.1 करोड़ रुपये ही बचे हैं, इसलिए फ्रैंचाइज़ियों को रणनीति के साथ बोली लगानी होगी। हर टीम अधिकतम 18 खिलाड़ियों को रख सकती है और इनमें सात विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। इस बार ऑक्शन में दीप्ति शर्मा, एलिसा हीली, मेग लैनिंग जैसी टॉप स्टार प्लेयर्स पर बड़ी बोली लगने की उम्मीद है। ऑक्शन की नीलामीकर्ता मल्लिका सागर हैं, जो खिलाड़ियों की बोली लगवाने का पूरा दायित्व निभा रही हैं।
ये खिलाड़ी हुए थे रिटेन
ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, एनाबेल सदरलैंड, मारिजाने कैप और निकी प्रसाद को रिटेन किया था. जबकि मुंबई इंडियंस ने नैट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर, हेली मैथ्यूज, अमनजोत कौर और जी. कमलिनी को अपने साथ बरकरार रखा. स्मृति मंधाना, ऋचा घोष, एलिसा पेरी और श्रेयंका पाटिल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ बनी हुई हैं. उधर गुजरात जायंटस ने दो खिलाड़ियों एश्ले गार्डनर और बेथ मूनी को रिटेन करने का फैसला लिया था. यूपी वॉरियर्स ने सिर्फ एक खिलाड़ी (श्वेता सेहरावत) को बरकरार रखा.
ऑक्शन से पहले सभी टीमों के पास उपलब्ध स्लॉट
दिल्ली कैपिटल्स- 13 (5 विदेशी)
मुंबई इंडियंस- 13 (5 विदेशी)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- 14 (6 विदेशी)
यूपी वॉरियर्स- 17 (7 विदेशी)
गुजरात जायंट्स- 16 (5 विदेशी)
ऑक्शन से पहले सभी टीमों के पास बकाया पर्स
दिल्ली कैपिटल्स- 5.70 करोड़
मुंबई इंडियंस- 5.75 करोड़
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- 6.15 करोड़
यूपी वॉरियर्स- 14.50 करोड़
गुजरात जायंट्स- 9 करोड़

