23.4 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

T20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान पहुंची टीम, 3 मैचों की सीरीज खेली जाएगी

नई दिल्ली : T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है और सभी टीमें अपने वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी हैं। इसी बीच, वर्ल्ड कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम पाकिस्तान पहुंच गई है। टीम पाकिस्तान में तीन मैचों की T20I सीरीज खेलने के लिए आई है। कड़ी सुरक्षा के बीच ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एयरपोर्ट से होटल पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम 28 जनवरी को तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलने के लिए पाकिस्तान के लाहौर पहुंच चुकी है। PCB ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम की बस को होटल पहुंचते हुए देखा जा सकता है।

29 जनवरी से शुरू होगी टी20 सीरीज

इस टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 29 जनवरी को खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 31 जनवरी को आयोजित होगा। वहीं, तीसरा और अंतिम टी20 इंटरनेशनल 1 फरवरी को खेला जाएगा। तीनों ही मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे शुरू होंगे और सभी मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे। तीन मैचों की यह सीरीज दोनों टीमों के लिए आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपनी तैयारियों को परखने और मजबूत करने का अहम मौका साबित होगी। गौरतलब है कि पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया को आगामी वर्ल्ड कप में अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है।

ऑस्ट्रेलिया के कई दिग्गज खिलाड़ी सीरीज से बाहर

ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरे पर अपने कई बड़े सितारों को आराम देने का फैसला किया है। पैट कमिंस, ग्लेन मैक्सवेल, जोश हेजलवुड, टिम डेविड और नाथन एलिस जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं किया गया है। उनकी जगह सीन एबॉट, महली बियर्डमैन, बेन ड्वारशुइस, जैक एडवर्ड्स, मिच ओवेन, जोश फिलिप और मैट रेनशॉ जैसे खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का मौका मिला है। यह 2022 के बाद ऑस्ट्रेलिया का पाकिस्तान का तीसरा दौरा है।

पिछली बार दोनों टीमों के बीच तीन टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली गई थी, जिसके बाद एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबला हुआ था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया था। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पिछले साल पाकिस्तान में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के तहत भी तीन मैच खेले थे। वहीं पाकिस्तान की टीम हाल ही में श्रीलंका दौरे पर तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलकर लौटी है, जो एक मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुई थी।

पाकिस्तान की टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक।

ऑस्ट्रेलिया की टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, जैक एडवर्ड्स, कैमरून ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, मैथ्यू कुह्नमैन, मिच ओवेन, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles