नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में हर दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिलते हैं, लेकिन बुधवार की रात होबार्ट हरिकेंस और मेलबर्न स्टार्स के बीच खेला गया मैच दिल की धड़कनें थाम देने वाला रहा। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में आखिरी ओवर का रोमांच इतना जबरदस्त था कि दर्शकों का फुल पैसा वसूल हो गया। नॉकआउट मुकाबले में मेलबर्न स्टार्स को आखिरी ओवर में 26 रन चाहिए थे, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल की टीम सिर्फ 3 रन से चूक गई और टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता देखना पड़ा।
मैक्सवेल और स्टॉयनिस ने आखिरी ओवर को बनाया रोमांचक
होबार्ट हरिकेंस की ओर से आखिरी ओवर ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल ओवेन ने डाला। इस समय क्रीज पर ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टॉयनिस बल्लेबाजी कर रहे थे, जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। ओवर की शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि हरिकेंस आसानी से जीत जाएंगे, लेकिन ओवर की पहली ही गेंद पर स्टॉयनिस ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद 5 गेंदों में 20 रन की जरूरत थी, और मेलबर्न स्टार्स के खेमे में जीत की उम्मीद फिर से जग गई।
आखिरी ओवर में आगे क्या हुआ?
आखिरी ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगने के बाद हरिकेंस पर थोड़ा दबाव बना। अगली गेंद वाइड रही, और उसके बाद की गेंद पर स्टॉयनिस का विकेट गिर गया। यह विकेट ही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। स्टॉयनिस के आउट होने के बाद हिल्टन कार्टराइट बल्लेबाजी के लिए आए। हिल्टन ने अगली तीन गेंदों पर जो कमाल दिखाया, उसने मैच देख रहे सभी दर्शकों की धड़कनों को और बढ़ा दिया।
ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो चौके लगे और पांचवीं गेंद पर छक्का पड़ गया। अब आखिरी गेंद पर 5 रन की जरूरत थी। जीत के लिए छक्का चाहिए था और मैच को टाई करने के लिए चौके की जरूरत थी, लेकिन आखिरी गेंद पर सिर्फ 1 रन आया और इस तरह हरिकेंस ने इस मैच को 3 रन से जीत लिया। मेलबर्न स्टार्स इस नॉकआउट मुकाबले में हार कर बाहर हो गई।
7 ओवर में 85 रन का लक्ष्य
होबार्ट के मैदान पर बारिश के कारण यह मैच शुरू में 20-20 ओवर की बजाय 10-10 ओवर का खेला गया। होबार्ट हरिकेंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मेलबर्न स्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 114 रन बनाए। इसके बाद फिर से बारिश हुई, और हरिकेंस को डकवर्थ-लुइस नियम के तहत 7 ओवर में 85 रन का लक्ष्य मिला। हालांकि, होबार्ट की टीम 7 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर केवल 81 रन ही बना पाई। इस जीत के साथ होबार्ट हरिकेंस ने न केवल मैच अपने नाम किया, बल्कि चैलेंजर मुकाबले में भी जगह बना ली। अब होबार्ट का सामना 23 जनवरी को सिडनी सिक्सर्स से होगा, और जो टीम यह मैच जीतेगी, वह फाइनल में प्रवेश करेगी।

