नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज़ की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। सीरीज़ का आगाज रांची में पहले मुकाबले से होगा और मैच में अब बहुत कम समय शेष है। ऐसे में टीम इंडिया के खिलाड़ी धीरे-धीरे रांची पहुंचने लगे हैं, जहां वे एक साथ अभ्यास कर अपनी रणनीति मजबूत करेंगे। इसी बीच एक खिलाड़ी ने डोमेस्टिक क्रिकेट में अपनी टीम का साथ छोड़ते हुए सीधे रांची का रुख कर सबको चौंका दिया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि यह खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ मिलकर पहले ही मैच में विरोधी टीम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर सकता है।
रांची में 30 नवंबर को होगा पहला वनडे मुकाबला
रांची में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 30 नवंबर को खेला जाएगा, और अब मैच में बहुत कम समय शेष है। हाल ही में टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी भी सीधे रांची पहुंचने लगे हैं। विराट कोहली लंदन से लौटने के दो दिनों के भीतर ही रांची पहुंच गए, जहां उनके अभ्यास करते हुए कई वीडियो भी सामने आए हैं। उनके बाद पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी रांची में कदम रखा और तैयारियों में जुट गए। वहीं रुतुराज गायकवाड भी टीम से जुड़ चुके हैं। एक दिन पहले तक वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र के लिए खेल रहे थे, लेकिन अब डोमेस्टिक सीजन छोड़कर रांची में टीम इंडिया के साथ वनडे सीरीज की तैयारी में पूरी तरह व्यस्त हैं।
मुश्ताक अली सुपर-स्टार गायकवाड का बड़ा कदम, रांची में टीम से जुड़े
रुतुराज गायकवाड़ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र टीम की कमान संभाल रहे थे। 26 नवंबर को वे कोलकाता में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ हुए मुकाबले में कप्तानी करते दिखाई दिए, लेकिन उसके सिर्फ एक दिन बाद यानी 27 नवंबर को रांची पहुंच गए। उस मैच में गायकवाड़ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे, मगर बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे और केवल आठ गेंदों में छह रन बनाकर आउट हो गए। महाराष्ट्र की टीम को भी इस मैच में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद गायकवाड़ ने टूर्नामेंट छोड़ते हुए सीधा रांची का रुख किया और अब वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया से जुड़ गए हैं।
रांची वनडे से पहले गायकवाड की उपलब्धता पर सवाल
बीसीसीआई पहले ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर चुका है, जिसमें रुतुराज गायकवाड का नाम भी शामिल था। ऐसे में यह साफ था कि वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सिर्फ एक मैच खेलकर टीम इंडिया से जुड़ने के लिए रांची रवाना होंगे। गायकवाड रांची पहुंच तो गए हैं, लेकिन उनके पहले वनडे खेलने पर अभी भी संशय बना हुआ है। शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में भारतीय पारी की शुरुआत रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल कर सकते हैं, ऐसे में गायकवाड को प्लेइंग इलेवन में कहां जगह मिलेगी, इस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी। अगर उन्हें रांची में मौका नहीं मिला, तो वे न सिर्फ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी छोड़कर आएंगे बल्कि टीम इंडिया के लिए डेब्यू जैसा वापसी का अवसर भी मिस कर सकते हैं। गौरतलब है कि गायकवाड ने करीब दो साल से भारत के लिए कोई वनडे मुकाबला नहीं खेला है।

