नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम को लॉर्ड्स टेस्ट में एक और हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सीरीज के दो मैच अभी हालांकि बाकी हैं, जिन्हें जीतकर सीरीज को अपने कब्जे में किया जा सकता है, लेकिन ये काम इतना आसान भी नहीं है। इस बीच टीम इंडिया की हार से सबसे ज्यादा नुकसान एक भारतीय खिलाड़ी को हुआ है, उसका प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा, ऐसे में ये कह पाना मुश्किल है कि अगले मैच में उसे मौका मिलेगा कि नहीं।
हम बात कर रहे हैं करुण नायर की, जिन्हें करीब आठ साल बाद टीम इंडिया में वापसी का मौका मिला है। हालांकि, यह मौका उनके लिए अब तक निराशाजनक साबित हुआ है। उन्होंने लगातार तीन टेस्ट मैच खेले हैं और छह पारियों में अभी तक ऐसा कोई प्रदर्शन नहीं किया है, जिसकी चर्चा की जाए। करुण नायर ने अपने टेस्ट डेब्यू के कुछ ही वक्त बाद तिहरा शतक लगाने का करिश्मा किया था, जिसे आज भी याद किया जाता है, लेकिन उसके बाद वे उनके पास सिफर है।
करुण नायर ने साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 303 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। यह भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास का केवल दूसरा तिहरा शतक था, जिससे उन्होंने सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों की लीग में अपना नाम दर्ज कराया था। उस पारी के बाद उनसे बड़ी उम्मीदें की गईं, लेकिन दुर्भाग्यवश वह प्रदर्शन दोहराने में नाकाम रहे। इसके अलावा उनके नाम शतक तो दूर की बात है, एक अर्धशतक तक नहीं है। इस एक पारी को छोड़ दिया जाए तो बाकी 12 पारियों में करुण नायर ने केवल 202 रन बनाए हैं। इसी एक तिहरे शतक की बदौलत करुण का टेस्ट औसत 40 के पार है। करुण ने अब तक 9 मैचों की 13 पारियों में 505 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 42.08 का रहा है।
करुण नायर का बल्ला पहले और दूसरे मैच में भी नहीं चला था। पहला मैच तो ये मानकर छोड़ दिया जाना चाहिए कि वापसी के बाद ये करुण का पहला मैच था। दूसरे मैच में चुंकि भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी, इसलिए जो कमियां थीं, उन पर गौर नहीं किया गया। लेकिन तीसरा मैच गंवाने के बाद नहीं लगता कि करुण को किसी भी तरह की रियायत दी जाएगी। इसलिए यह माना जा सकता है कि उन्हें लय पाने का थोड़ा समय चाहिए था। लेकिन इसके बाद भी दूसरे और तीसरे टेस्ट में उनका प्रदर्शन प्रभावित नहीं कर सका। एक लंबे अंतराल के बाद मौका मिलने पर उम्मीद की जाती है कि खिलाड़ी अपनी जगह पक्की करने के लिए कुछ खास दिखाए, लेकिन करुण फिलहाल उस भरोसे पर खरे नहीं उतर सके हैं।

