नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) की चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शनिवार (30 अगस्त) को घोषणा की कि तीन महीने पहले बेंगलुरु में विजय जश्न के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। यह दुखद घटना 4 जून को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर घटी थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फ्रेंचाइजी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “4 जून, 2025 हमारे लिए बेहद दुखद दिन था। उस दिन हमने आरसीबी परिवार के 11 अनमोल सदस्यों को खो दिया। वे हमारे शहर, हमारे समुदाय और हमारी टीम की पहचान का हिस्सा थे। उनकी गैरमौजूदगी हमेशा हमें खलेगी। किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता उनकी कमी को पूरा नहीं कर सकती। लेकिन संवेदना और सम्मान की भावना से आरसीबी ने उनके परिजनों को 25-25 लाख रुपये की सहायता राशि दी है। यह केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि करुणा, एकजुटता और सतत सहयोग का प्रतीक है।”
आरसीबी केयर पहल की हुई शुरुआत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बयान में आगे कहा गया, “यह आरसीबी केयर का आरंभ है। यह एक दीर्घकालिक संकल्प है, जिसकी नींव उन लोगों की याद को सम्मान देने से रखी गई है जिन्हें हमने खो दिया। आने वाले समय में टीम का हर प्रयास प्रशंसकों की संवेदनाओं, आशाओं और उनके अधिकारों का प्रतीक होगा।”
18 साल बाद खिताबी सूखा खत्म, आरसीबी का जश्न
आरसीबी ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर 18 साल का खिताबी सूखा खत्म किया था। इसके अगले ही दिन, टीम के सम्मान समारोह और ओपन बस परेड को देखने के लिए एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हजारों प्रशंसक जुटे। लेकिन वहां पहुंची भीड़ स्टेडियम की क्षमता से कहीं ज्यादा थी। नतीजतन गेट पर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ हो गई। इस दुखद हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 50 से ज्यादा लोग घायल हुए।
कर्नाटक सरकार ने भी किया था मुआवजे का ऐलान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया था। इसके साथ ही आरसीबी ने भी इसे ‘सम्मान और एकजुटता का प्रतीक’ मानते हुए हादसे में जान गंवाने वाले 11 परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान करने की घोषणा की थी।

