नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने आखिरी टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराते हुए पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। निर्णायक मुकाबले में हार्दिक पंड्या ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 63 रन बनाए और एक विकेट भी हासिल किया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरी सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले वरुण चक्रवर्ती को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।
भारतीय टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने 5वें मैच में शानदार पारी खेलते हुए 42 गेंदों पर 73 रन बनाए और अपनी इस पारी के दम पर वो इस टी20आई सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर भी बन गए। तिलक वर्मा का प्रदर्शन इस सीरीज में काफी अच्छा रहा। इस सीरीज में अभिषेक शर्मा रन बनाने के मामले में 5वें स्थान पर रहे।
तिलक वर्मा नंबर-1, अभिषेक नंबर-5 पर काबिज
5 मैचों की टी20 सीरीज में खेले गए 4 मुकाबलों में तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल 142 गेंदों का सामना करते हुए 187 रन बनाए। इस दौरान तिलक का स्ट्राइक रेट 131.69 रहा, जबकि उनका औसत 62.33 का रहा। तिलक ने इन 4 मैचों में 2 अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज़ों की सूची में पहला स्थान हासिल किया।
इस सूची में दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका के ओपनर और विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक रहे, जिन्होंने 4 मैचों में 2 अर्धशतकों की मदद से कुल 156 रन बनाए। वहीं तीसरे नंबर पर भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या रहे, जिन्होंने 4 मुकाबलों में 2 अर्धशतकों के साथ 142 रन बनाए। चौथे स्थान पर साउथ अफ्रीका टीम के कप्तान एडन मार्कराम रहे, जिन्होंने 4 मैचों में एक अर्धशतक की मदद से 110 रन जुटाए। जबकि अभिषेक शर्मा पांचवें स्थान पर रहे, जिन्होंने 4 मुकाबलों में 103 रन बनाए, हालांकि वह कोई भी अर्धशतक नहीं लगा सके।
भारत-साउथ अफ्रीका T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बैटर
तिलक वर्मा- 187 रन
क्विंटन डिकॉक- 156 रन
हार्दिक पंड्या- 142 रन
एडन मार्कराम- 110 रन
अभिषेक शर्मा- 103 रन

