भारत-पाक मुकाबले पर अनिश्चितता, PCB की नई चाल से बढ़ा बवाल

0

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज़ में अब सिर्फ 12 दिन बचे हैं, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का ड्रामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। भले ही पीसीबी ने विश्व कप के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया हो, लेकिन टूर्नामेंट में खेलने को लेकर अब तक अंतिम फैसला नहीं किया गया है। इसी बीच पाकिस्तान से सामने आई एक नई रिपोर्ट ने हलचल मचा दी है, जिसमें दावा किया गया है कि पीसीबी एक बार फिर नई नौटंकी की स्क्रिप्ट तैयार करने में जुटा हुआ है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने सोमवार को कुछ देर पहले ही अपने खिलाड़ियों के साथ बैठक की। नकवी पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि विश्व कप के लिए चुनी गई टीम से वह मुलाकात कर उनसे बातचीत करेंगे। हालांकि इस बैठक में क्या चर्चा हुई, इसका आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक कप्तान सलमान अली आगा समेत सभी खिलाड़ियों ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार और पीसीबी जो भी फैसला लेंगे, वे उसके साथ खड़े रहेंगे। फिलहाल टीम की तैयारियों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

इस बीच जो बड़ी खबर सामने आ रही है, वह यह है कि पाकिस्तान एक ऐसा प्लान तैयार कर रहा है, जिसमें वह आईसीसी टी20 विश्व कप का बहिष्कार तो नहीं करेगा, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पीछे हट सकता है। सूत्रों के अनुसार, आज शाम पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच अहम बैठक होने वाली है, जिसके बाद इस पूरे मामले पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अगर ज्यादा नाटक नहीं हुआ, तो पाकिस्तान आज देर शाम तक अपनी स्थिति साफ कर सकता है।

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 में मुकाबला 15 फरवरी को होना है, ये मैच कोलंबो में खेला जाना है। पाकिस्तान इसी मैच से हटने का प्लान बना रहा है। जियो न्यूज के हवाले से ये जानकारी मिली है। खास बात ये भी है कि इस मैच को खेलने के बाद भी उसे कुछ हासिल नहीं होगा, केवल दो अंक जाएंगे। जो वे बिना खेले ही भारत को दे सकता है। साथ ही टी20 विश्व कप से बाहर भी नहीं होगा। पाकिस्तान के ग्रुप में भारत के अलावा बाकी ऐसी टीमे हैं, जिनके खिलाफ अगर पाकिस्तान ने थोड़ा सा भी ठीक खेला तो वे अगले राउंड में जा सकते हैं।

पाकिस्तान की टीम जब भी टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ मैदान पर उतरी है, उसे हर बार हार का सामना करना पड़ा है। पिछले साल सितंबर में खेले गए एशिया कप में दोनों टीमों के बीच कुल तीन मुकाबले हुए थे और तीनों मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी। अब फरवरी 2026 में एक बार फिर भारत के खिलाफ हार और संभावित फजीहत से बचने के लिए पीसीबी ऐसा कदम उठा सकता है। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद क्या फैसला लेते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here