34.9 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

अंडर-21 हॉकी में भारत-पाकिस्तान ने हाथ मिलाया: जोहर कप में 3-3 से मुकाबला ड्रॉ

जोहर बाहरु (मलेशिया). मलेशिया के जोहर बाहरु में खेले जा रहे सुल्तान ऑफ जोहर कप अंडर-21 हॉकी टूर्नामेंट में मंगलवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 3-3 की बराबरी पर खत्म हुआ। मैच का नतीजा भले ही तय न हो पाया, लेकिन मैदान पर दोनों देशों के खिलाड़ियों का एक-दूसरे से हाथ मिलाना चर्चा का विषय बन गया। राजनीतिक तनाव के बीच यह दृश्य खेल भावना की मिसाल साबित हुआ।

पहले क्वार्टर में पाकिस्तान ने बनाई बढ़त

जोहर के तमन दया हॉकी स्टेडियम में खेले गए मैच की शुरुआत पाकिस्तान ने आक्रामक ढंग से की। कप्तान शाहिद हनान ने मैच के पांचवें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत को भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम मौके को भुना नहीं सकी। क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत के किंगसन सिंह थोकचोम को ग्रीन कार्ड मिला, जिसके चलते उन्हें दो मिनट के लिए फील्ड से बाहर रहना पड़ा।

दूसरे क्वार्टर में गोल नहीं, खेल बराबरी का रहा

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। पाकिस्तान को 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, जबकि भारत के अनमोल इक्का को यलो कार्ड मिलने से टीम को झटका लगा। हाफ टाइम तक पाकिस्तान 1-0 की बढ़त पर कायम रहा।

तीसरे क्वार्टर में बढ़त दोगुनी, फिर भारत की वापसी

तीसरे क्वार्टर के 38वें मिनट में पाकिस्तान के सुफियान खान ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। भारत ने 43वें मिनट में अरायजीत सिंह हुंदल के पेनल्टी स्ट्रोक गोल से स्कोर 2-1 कर लिया। इस क्वार्टर में पाकिस्तान के मोहम्मद वसीम को यलो कार्ड मिलने से टीम की गति थोड़ी धीमी पड़ गई।

चौथे क्वार्टर में भारत की दमदार वापसी

मैच का सबसे रोमांचक हिस्सा चौथा क्वार्टर रहा। 47वें मिनट में सौरभ आनंद कुशवाहा ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को बराबरी पर ला दिया। फिर 52वें मिनट में मनमीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर भारत को 3-2 से आगे कर दिया। हालांकि पाकिस्तान ने हार नहीं मानी और 55वें मिनट में सुफियान खान ने फिर गोल करते हुए मैच को 3-3 की बराबरी पर खत्म कर दिया।

हैंडशेक से बढ़ी खेल भावना, विवाद की संभावना भी

मैच की समाप्ति पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय दिया। यह दृश्य इसलिए भी खास रहा क्योंकि हाल ही में क्रिकेट एशिया कप और विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया था। राजनीतिक संबंधों में तनाव के कारण दोनों देशों की टीमें खेल से पहले और बाद में दूरी बनाए रखती रही हैं।हॉकी में यह सकारात्मक पहल जरूर है, लेकिन इससे विवाद भी खड़ा हो सकता है। पाकिस्तान की टीम ने इसी साल हॉकी एशिया कप में भारत आने से इनकार कर दिया था। अब नवंबर-दिसंबर में भारत में जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। उस समय फिर यह सवाल उठेगा कि क्या दोनों टीमें दोबारा हाथ मिलाएंगी या नहीं।

भारत दूसरे स्थान पर कायम, आगे ऑस्ट्रेलिया

ड्रॉ के बावजूद भारत पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। टीम ने तीन मैचों में दो जीत और एक ड्रॉ से कुल 7 अंक जुटाए हैं। ऑस्ट्रेलिया भी 7 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, लेकिन उसका गोल डिफरेंस भारत से बेहतर है। टीम इंडिया ने शुरुआती दो मुकाबलों में न्यूजीलैंड और ग्रेट ब्रिटेन को हराया था।भारत की इस वापसी ने न केवल टीम का मनोबल बढ़ाया, बल्कि भारत-पाकिस्तान के बीच खेल भावना की एक नई तस्वीर भी पेश की।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles