नई दिल्ली : काव्या मारन की टीम सनराइजर्स लीड्स का एक्स (X) अकाउंट निलंबित कर दिया गया। यह मामला ‘द हंड्रेड 2026’ की नीलामी खत्म होने के कुछ ही समय बाद सामने आया, जब सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी लेग स्पिनर अबरार अहमद को अपने स्क्वॉड में शामिल किया था। फ्रेंचाइजी ने अबरार को खरीदने के लिए लगभग 2 करोड़ 34 लाख रुपये की बोली लगाई थी। नीलामी के दौरान टीम की सीईओ काव्या मारन भी मौके पर मौजूद थीं।
सनराइजर्स लीड्स का X अकाउंट हुआ सस्पेंड
‘द हंड्रेड 2026’ की नीलामी का आयोजन लंदन में हुआ था, जहां काव्या मारन के साथ टीम के हेड कोच डेनियल विटोरी भी मौजूद थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस नीलामी में सनराइजर्स लीड्स ने ट्रेंट रॉकेट्स को पछाड़ते हुए पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल किया। वहीं इस सीजन में सनराइजर्स लीड्स की कप्तानी इंग्लैंड के टी20 कप्तान हैरी ब्रुक संभालेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ऐसी घटना कई साल के बाद घटी जबक किसी भारतीय फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम में किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को शामिल किया। हालांकि काव्या मारन द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद भारत में उनकी जमकर आलोचना की जा रही है और क्रिकेट फैंस आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद को बहिष्कार की मांग कर रहे हैं। वैसे सनराइजर्स लीड्स के एक्स अकाउंट को सस्पेंड क्यों किया गया इसकी सही जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
अबरार अहमद की खरीद पर विटोरी ने दी सफाई
‘द हंड्रेड’ की नीलामी के बाद टीम के कोच डेनियल विटोरी ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि आदिल राशिद शुरुआत से ही उनकी पहली पसंद थे, लेकिन जब वह हाथ से निकल गए तो टीम को विदेशी स्पिनर की ओर जाना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया कि चार-पांच स्पिनर ऐसे थे जिन पर फ्रेंचाइजी की नजर थी और अबरार अहमद भी उनमें शामिल थे, इसलिए उन्हें टीम में लिया गया और इससे सभी काफी खुश हैं। विटोरी ने यह भी स्पष्ट किया कि नीलामी के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न खरीदने को लेकर मैनेजमेंट के बीच कोई चर्चा नहीं हुई थी। उनका कहना था कि टीम का उद्देश्य सिर्फ सबसे मजबूत स्क्वॉड तैयार करना था और जब आदिल राशिद उपलब्ध नहीं हो पाए तो उन्होंने अबरार अहमद को चुन लिया।

